रवि माली हत्याकांड में दो और आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, अब तक छह आरोपी पकड़े कोतवाली पुलिस ने भीलोंडा से आकाश और रोनक को पकड़ा, पूर्व में चार आरोपी व दो नाबालिग हो चुके हैं गिरफ्तार
मंदसौर। जग्गाखेड़ी रोड पर 27 जून को हुए रवि माली हत्याकांड में कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर गुजरात के भीलोंडा से अभिरक्षा में लिया। मामले में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों को भी न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। पुलिस के अनुसार, 27 जून को अभिनंदन नगर क्षेत्र में रवि माली की हत्या हुई थी। घटना के संबंध में फरियादी सुमित पिता किशन माली, निवासी कर्मचारी कॉलोनी मंदसौर की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 410/26, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने अजय वर्मा (31) निवासी नरसिंहपुरा मंदसौर, आशीष वर्मा (29) निवासी नरसिंहपुरा मंदसौर, संदीप उर्फ दिलीप उर्फ काला (25) निवासी जोगीखेड़ा, थाना अफजलपुर, मंदसौर और लक्की (25) निवासी नयागांव नरसिंहपुरा मंदसौर को गिरफ्तार किया था। इनके साथ दो नाबालिगों को भी प्रकरण में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। जांच के दौरान मामले में दो अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आकाश पिता नानावटी (25) निवासी बरगुंडा गली, बालागंज, मंदसौर और रोनक पिता नाहरू वर्मा (19) निवासी बरगुंडा गली, बालागंज, मंदसौर को गुजरात के भीलोंडा से गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई करेगी। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और घटनाक्रम में आरोपियों की भूमिका के संबंध में पूछताछ की जाएगी। कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई। इसमें प्रधान आरक्षक 102 जितेंद्र सिंह राठौर, आरक्षक 924 अरुण कुमार और आरक्षक 463 हरिश राठौर का सराहनीय योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

