ब्रेजा कार से 20 लीटर जहरीली कच्ची शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार सुवासरा पुलिस की कार्रवाई, शराब तस्करी में इस्तेमाल विटारा ब्रेजा और दो मोबाइल भी जब्त

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। सुवासरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 लीटर हाथ भट्टी की जहरीली कच्ची शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही विटारा ब्रेजा कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक बीडी बिरा के मार्गदर्शन में रूनिजा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक भारत कटारा को विश्वसनीय मुखबिर से अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रूनिजा-डोकरखेड़ी रोड स्थित देवपुरा फंटे पर घेराबंदी कर सफेद रंग की ब्रेजा कार क्रमांक एमपी 14 सीसी 6459 को रोका। तलाशी के दौरान कार में दो प्लास्टिक की केनों में भरी कुल 20 लीटर हाथ भट्टी की जहरीली कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से गणेश पिता प्रकाशचंद्र राठौर (25), निवासी पनवाड़ी, थाना गरोठ, हाल मुकाम झाला गुराड़िया, थाना गंगधार, जिला झालावाड़, राजस्थान और रणजीत सिंह पिता शंकरसिंह सौंधिया राजपूत (20), निवासी करणपुरा, थाना गंगधार, जिला झालावाड़, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/26 के तहत धारा 49ए आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जब्त सामग्री में 20 लीटर हाथ भट्टी की जहरीली कच्ची शराब, जिसकी कीमत करीब 2 हजार रुपए बताई गई है, विटारा ब्रेजा कार और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल हैं। मोबाइल फोन की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस आरोपियों से शराब के स्रोत और उसके गंतव्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुवासरा निरीक्षक बीडी बिरा, रूनिजा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक भारत कटारा और पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

Sep 16, 2026 - 08:00
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0