तहसीलदार के सूने सरकारी आवास में चोरी, खिड़की तोड़कर घुसे चोर; सोने-चांदी के जेवर और कार की चाबी ले गए
मंदसौर। भानपुरा में चोरों ने लोटखेड़ी रोड स्थित शिवधाम कॉलोनी में तहसीलदार मुकेश निगम के सूने सरकारी आवास को निशाना बनाया। चोर खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर सहित कार की चाबी चोरी कर ले गए। वारदात के समय तहसीलदार परिवार के साथ छुट्टी पर बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर चोरी का पता चला। जानकारी के अनुसार तहसीलदार मुकेश निगम 12 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे मकान पर ताला लगाकर परिवार के साथ बाहर गए थे। 13 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे लौटने पर उन्होंने मुख्य दरवाजा खोला, लेकिन अंदर जाने पर दरवाजा भीतर से बंद मिला। पीछे की ओर जाकर देखने पर एक खिड़की टूटी मिली। इसके बाद घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे आभूषण और अन्य सामान चोरी किए गए थे। ये सामान ले गए चोर पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार चोर दो जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की चेन, दो चांदी की बिछिया, एक चांदी का कमरबंद, एक जोड़ी सोने के झुमके और सोने के 10 मोती ले गए। इसके अलावा कार की चाबी भी लॉकर से गायब मिली। चोरी गए आभूषणों की कीमत के संबंध में बिल बाद में पेश किए जाने की बात कही गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस वारदात 12 सितंबर की रात से 13 सितंबर की सुबह के बीच होने की आशंका है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारी के आवास में चोरी से सुरक्षा पर सवाल तहसीलदार के सरकारी आवास में चोरी की घटना से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। चोरों ने सूने मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर सामान समेट लिया। क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के बीच इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

