जेब में स्मैक, कट्टे में डोडाचूरा; 30 ग्राम स्मैक और 7 किलो डोडाचूरा के साथ आरोपी गिरफ्तार

सुवासरा। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक और 7 किलो डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में आंसपुरा निवासी 45 वर्षीय मदनसिंह को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 30 ग्राम स्मैक, 7 किलो डोडाचूरा और 20 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गोशाला के सामने बसई-कुरावन मार्ग पर अवैध मादक पदार्थ लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। यहां आंसपुरा निवासी मदनसिंह पिता शंकरसिंह सौंधिया राजपूत को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास सफेद प्लास्टिक के कट्टे में 7 किलो डोडाचूरा मिला, जबकि उसकी जेब से 30 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में मदनसिंह ने पुलिस को बताया कि वह डोडाचूरा और स्मैक घाटाखेड़ी निवासी फारुख पठान से लेकर आया था। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 276/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15, 21 और 29 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जब्त 30 ग्राम स्मैक की कीमत 81 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 7 किलो डोडाचूरा और 20 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक बीडी बिरा, उपनिरीक्षक केरूसिंह रावत सहित गठित पुलिस दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sep 20, 2026 - 09:09
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0