पानी पिलाने से लेकर टैंकर से पानी डालने तक विवाद, 2 मामले दर्ज महिला को पत्थर मारने और 2 भाइयों पर गाली-गलौज व धमकी देने के आरोप

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पानी से जुड़े अलग-अलग विवादों में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के 2 मामले सामने आए हैं। खेड़ा कोयला में पड़ोसी के घर आई बैंक की गाड़ी के व्यक्ति को पानी पिलाने की बात पर 69 वर्षीय महिला से विवाद कर पत्थर मारने का आरोप है। वहीं बरखेड़ा डांगी में टैंकर से टावर निर्माण स्थल पर पानी डालने के काम को लेकर 2 भाइयों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। खेड़ा कोयला निवासी कला बाई पति रतनलाल सूर्यवंशी ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी सुरेश पिता मांगीलाल सूर्यवंशी के घर बैंक की गाड़ी आई थी। गाड़ी से आए व्यक्ति ने पानी मांगा, तो उन्होंने उसे पानी पिलाया। इसी बात को लेकर सुरेश उसके घर के सामने आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पास पड़ा पत्थर उठाकर मार दिया, जो महिला की छाती पर लगा और चोट आई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इधर, बरखेड़ा डांगी निवासी रमेश पिता नाथूलाल राठौर तेली ने रिपोर्ट में बताया कि वह टैंकर से टावर निर्माण स्थल पर पानी डालने का काम करता है। वह अपने कुएं पर था, तभी गांव के अर्जुन पिता नारायण डांगी और उसका भाई गोपाल डांगी वहां पहुंचे। दोनों ने कम पैसे में टैंकर से पानी डालने की बात कही। रमेश ने अपने काम में हस्तक्षेप करने से मना किया तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

Sep 20, 2026 - 09:11
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0