एक मिनट में बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
मंदसौर। पिपलियामंडी में मंगलवार अलसुबह मनासा रोड स्थित माधव बीज भंडार के पास साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी बाइक तीन बदमाश चुरा ले गए। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बदमाशों ने महज एक मिनट में बाइक का लॉक खोला और उसे लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, सरवानिया निवासी पवन पिता गोपाल पोरवाल की काले रंग की बाइक (एमपी14 एनई 5115) मंगलवार सुबह करीब 4:42 बजे साड़ी की दुकान के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दो बदमाश बाइक से उतरकर खड़ी बाइक के पास पहुंचते हैं। इनमें से एक चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलता है और कुछ ही सेकंड में उसे खोलने में सफल हो जाता है। इसके बाद दूसरा बदमाश चोरी की बाइक पर बैठकर उसे स्टार्ट करता है। दोनों बदमाश बाइक लेकर वहां से निकल जाते हैं, जबकि तीसरा बदमाश अपनी मोटरसाइकिल से उनके पीछे चला जाता है। सुबह के समय हुई इस वारदात के दौरान बदमाशों ने इतनी तेजी से चोरी की कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पिपलियामंडी में चोरी की घटनाओं को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों के बीच इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

