दलौदा सरपंच की मौजूदगी में प्रतिनिधि को 3500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा एनओसी जारी करने के बदले 4 हजार रुपए में तय हुआ था सौदा, ईओडब्ल्यू ने दलौदा में की कार्रवाई
मंदसौर। दलौदा ग्राम पंचायत में मकान निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के बदले रिश्वत लेने के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने कार्रवाई की। टीम ने सरपंच दुर्गा कैथवास की मौजूदगी में सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास को 3500 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई। शिकायतकर्ता विक्रम सिंह पिता तखत सिंह को पंचायत क्षेत्र में मकान का निर्माण करना था। बैंक से ऋण लेने के लिए उसे पंचायत की एनओसी की आवश्यकता थी। विक्रम सिंह के अनुसार एनओसी जारी करने के बदले सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि ने उससे 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में 4 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। इसके बाद विक्रम सिंह ने मामले की शिकायत ईओडब्ल्यू से की। शिकायत के सत्यापन के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने दलौदा पहुंचकर कार्रवाई की योजना बनाई। तय राशि में से 3500 रुपए देने थे। टीम ने कार्रवाई करते हुए सरपंच की मौजूदगी में सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से 3500 रुपए बरामद किए गए। कार्रवाई ईओडब्ल्यू उज्जैन के डीएसपी रामनिवास रावत के नेतृत्व में की गई। मामले में आगे की जांच और नियमानुसार कार्रवाई जारी है। शिकायतकर्ता विक्रम सिंह ने बताया कि वह पंचायत की एनओसी के लिए करीब एक महीने से परेशान था। आवेदन देने के बाद से ही उससे लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। 4 हजार रुपए में बात तय होने के बाद उसने ईओडब्ल्यू को शिकायत की, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

