सीतामऊ में नाकाबंदी कर 2.978 किलो अफीम पकड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार होकर ले जा रहे थे मादक पदार्थ, 4.40 लाख रुपये की अफीम और बाइक जब्त
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सीतामऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो 978 ग्राम अफीम जब्त की है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4.40 लाख रुपये कीमत की अफीम और 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर और 1 अक्टूबर की दरमियानी रात अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति के निर्देश पर उप निरीक्षक मूलचंद धाकड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। 1 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आमरोड सेमलखेड़ा स्थित बालाजी मंदिर के पास से मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में गुजरने वाले हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालाजी मंदिर के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की और उनके सामान की तलाशी ली। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति के हाथ में मौजूद थैली की जांच करने पर उसमें अफीम मिली। तौल करने पर अफीम का वजन 2 किलो 978 ग्राम निकला।
पुलिस ने मौके से 4 लाख 40 हजार रुपये कीमत की अफीम तथा हीरो कंपनी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-14-एमएक्स-8184, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, जब्त की। मामले में थाना सीतामऊ में अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज कर धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों में मनोहर पिता मुकेश दर्जी, उम्र 18 वर्ष 6 माह, निवासी ग्राम काचरिया जाट, थाना सीतामऊ तथा मुकेश पिता उदयराम दर्जी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम काचरिया जाट, थाना सीतामऊ शामिल हैं।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रामस्नेही मिश्रा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में सीतामऊ पुलिस ने यह कार्रवाई की।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति, उप निरीक्षक मूलचंद धाकड़ सहित सीतामऊ थाने की विशेष टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।