सेवा सेतु शिविरों में 8,440 आवेदन, सात हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित
मंदसौर, 3 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के केंद्रीय घटक ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत शुक्रवार को जिले के बोलिया, मल्हारगढ़, तीतरोद, दुधाखेड़ी और धमनार में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से संबंधित 8 हजार 440 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 7 हजार से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण करते हुए हितग्राहियों को लाभ दिया गया, जबकि 243 प्रकरणों में लाभ देने की समय-सीमा निर्धारित की गई। मंदसौर विकासखंड के धमनार में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान और सेवा सेतु अभियान के तहत संयुक्त शिविर एवं जनसंवाद आयोजित हुआ। इसमें जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुकूल जैन, वन मंडलाधिकारी संजय रायखेरे, गौरव अग्रवाल, विजय सुराणा, महेश जूनवाल, विकास सुराणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल, संयुक्त कलेक्टर प्रीति संघवी और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शुभम पाटीदार सहित अधिकारी मौजूद रहे। जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि शासन आमजन की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जन विश्वास और सेवा सेतु अभियान के माध्यम से गांवों तक पहुंच रहा है। शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि आमजन को शासकीय योजनाओं का लाभ सरलता और सुगमता से मिले तथा उनकी समस्याओं का समाधान हो, इसी उद्देश्य से अभियान के तहत शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंदसौर जिला कृषि के क्षेत्र में समृद्ध है और प्रशासन का प्रयास है कि जिले की कृषि उपज की देश-विदेश में पहचान बने। कलेक्टर ने किसानों से फसलों का प्रसंस्करण कर अतिरिक्त आय अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए शासन की योजनाओं के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। किसान तिल, सोयाबीन और मूंगफली से तेल तैयार कर बेच सकते हैं। इसी तरह संतरे से शरबत और जैम जैसे उत्पाद तथा औषधीय फसलों से तेल तैयार कर कंपनियों को बेचा जा सकता है। इसके लिए प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने में प्रशासन द्वारा हरसंभव सहयोग किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों ने योजनाओं और सेवाओं से संबंधित प्रदर्शनी लगाई। शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां भी वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित की गईं। धमनार शिविर में राजस्व विभाग ने गोवर्धनलाल और शांतिलाल को नामांतरण का लाभ दिया। हथकरघा विभाग ने जीवनलाल और राजेश सोनी को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत एक-एक लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया। लखन को पशुपालन योजना के तहत 1 लाख 40 हजार रुपए का ऋण, ओमप्रकाश धाकड़ को 25 हजार रुपए की किसान क्रेडिट कार्ड सुविधा, रेखाबाई को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा देवेंद्र धाकड़ को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अनुदान का लाभ दिया गया। कनक, प्रियंका और युविका सहित अन्य हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ मिला। बगदीराम दमामी, घनश्याम और अंबालाल को आयुष्मान योजना के तहत लाभ प्रदान किया गया। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉल का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा और कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने अफजलपुर के विद्यालय का भी भ्रमण किया। यहां विद्यार्थियों के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के बाद विजेता विद्यार्थियों को जनपद अध्यक्ष और कलेक्टर ने पुरस्कार प्रदान किए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

