किसान फसल बेचने के बजाय तैयार उत्पाद बनाकर बढ़ाएं आय : कलेक्टर
मंदसौर, 3 अक्टूबर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को धुंधड़का में उद्यम संवाद आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय उद्यमियों ने शासकीय योजनाओं से मिले सहयोग और उससे कारोबार में आए बदलाव की जानकारी साझा की। दलौदा के उद्यमी लीलाशंकर धाकड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना के तहत उन्हें बैंक से 35 लाख रुपए से अधिक का वित्त पोषण मिला है। इससे उनके उद्योग को विस्तार देने में मदद मिली। वे पशु आहार संयंत्र संचालित करने के साथ फसलों की ग्रेडिंग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां भी कर रहे हैं। लीलाशंकर ने बताया कि योजना के तहत वित्त पोषण मिलने से पहले भी उन्हें शासन से 8 लाख रुपए की सहायता प्राप्त हुई थी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा और कलेक्टर दिव्यांक सिंह मौजूद रहे। दोनों ने शासकीय योजनाओं से सहायता प्राप्त करने वाले नव उद्यमियों मंगलेश, शाहिद खान सहित अन्य को योजना से संबंधित चेक प्रदान किए। इसके बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ग्राम बड़वन पहुंचे, जहां किसान विनोद और गोपाल धाकड़ के परिसर में कृषक संवाद हुआ। कलेक्टर ने कहा कि जिले की कृषि उपज को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने और उसकी पहचान बढ़ाने के लिए प्रशासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। समान फसलों का उत्पादन करने वाले किसानों के समूह और समूह आधारित प्रसंस्करण इकाइयां विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से कहा कि केवल कच्ची उपज बेचने के बजाय फसलों का प्रसंस्करण कर नए उत्पाद तैयार किए जाएं। इसके लिए शासन की विभिन्न योजनाओं से सहायता लेकर प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जा सकती हैं। किसानों के सामूहिक प्रयास से अधिक संख्या में किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे और उनकी आय बढ़ाने के अवसर भी तैयार होंगे। कलेक्टर ने बताया कि मूंगफली उत्पादक किसानों को सामूहिक रूप से तेल मिल स्थापित करने के लिए शासकीय योजना के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसी तरह जिले में लहसुन उत्पादक किसानों को लहसुन का पेस्ट और पाउडर तैयार करने के लिए प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अन्य फसलों के लिए भी इसी तरह की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। जनपद पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ने बड़वन फंटे पर ग्रामीण गणपत और पुष्कर धाकड़ द्वारा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना की सहायता से स्थापित तेल संयंत्र का निरीक्षण किया। संयंत्र में मूंगफली और तिल सहित अन्य फसलों से तेल तैयार कर उसका विक्रय किया जा रहा है। संचालकों ने बताया कि प्रसंस्करण के माध्यम से उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने योजना का लाभ मिलने पर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ने ग्राम धुंधड़का में शासकीय चिकित्सालय, किसान एग्रो सेवा केंद्र और सेवा सहकारी संस्था का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संस्थाओं की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सहकारी संस्था में उपलब्ध राशन सामग्री की गुणवत्ता देखी गई। शासकीय चिकित्सालय में विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, रोगी पंजीयन, स्टाफ की स्थिति और मरीजों के फॉलोअप संबंधी रजिस्टर की जानकारी ली गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

