एक ही रात में कई घरों में चोरी, विरोध पर बुजुर्ग के सिर पर डंडे से वार गरोठ के कोटड़ाबुजुर्ग और नाहरगढ़ के आरडी में चोरों का धावा, जेवरात-नकदी, दस्तावेज और बाइक ले गए बदमाश
गरोठ/ नाहरगढ। जिले के गरोठ और नाहरगढ़ थाना क्षेत्रों में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात चोरों ने कई वारदातों को अंजाम देकर ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत फैला दी। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आरडी में चोरों ने दो अलग-अलग घरों को निशाना बनाया। एक घर में खिड़की तोड़कर घुसे बदमाश नकदी, जेवरात और प्रॉपर्टी के दस्तावेज चोरी कर ले गए, जबकि दूसरे घर के बाहर बाड़े में खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। इधर, गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ाबुजुर्ग में भी कई घरों के ताले टूटे। चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक बुजुर्ग के सिर पर डंडे से वार कर उन्हें घायल कर दिया।
सेवानिवृत्त अधिकारी के घर खिड़की तोड़कर घुसे चोर
नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आरडी में सेवानिवृत्त कार्यपालन अधिकारी मदन सिंह पिता भंवर सिंह (68) के घर को चोरों ने निशाना बनाया। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने दो अलमारियों को खंगाला। परिवार के सदस्य उस समय गहरी नींद में थे। चोर अलमारियों में रखी नकदी, जेवरात और प्रॉपर्टी से संबंधित दस्तावेज चोरी कर ले गए।
शनिवार सुबह परिवार के सदस्य लवकुश को घटना की जानकारी मिली। मदन सिंह जिला शाजापुर में कार्यपालन अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त बताए गए हैं। शिकायत के बाद नाहरगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
बाड़े में खड़ी सुपर स्प्लेंडर भी ले गए
इसी रात ग्राम आरडी में राहुल पिता जोरावर सिंह के घर के बाहर बाड़े में खड़ी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी हो गई। सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। इसके बाद पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस दोनों घटनाओं को जोड़कर आसपास के क्षेत्रों में चोरों की तलाश कर रही है।
कोटड़ाबुजुर्ग में कई घरों के ताले टूटे, बुजुर्ग घायल
गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम कोटड़ाबुजुर्ग में भी चोरों ने कई घरों को निशाना बनाया। रामनारायण मेहर के घर से करीब 11 हजार रुपए नकद और चांदी के जेवरात चोरी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, जाफर मंसूरी के बाड़े में खड़ी मोटरसाइकिल भी बदमाश ले गए।
चोरी के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने रामनारायण पाटीदार के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। एक ही रात में कई वारदातों के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनाओं की जांच शुरू कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।