अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हादसे के बाद करीब डेढ़ घंटे सड़क किनारे पड़ा रहा घायल, राहगीर ने अस्पताल पहुंचाया; परिजनों ने नापाखेड़ा चौपाटी पर लगाया जाम

टकरावद। जिले के मल्हारगढ़ में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार लालसिंह ईश्वरसिंह, निवासी खेड़ा काल्याखेड़ी, की मौत हो गई। बूढ़ा-टकरावद रोड पर गर्रावद फंटे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लालसिंह के सिर, कंधे और पैरों में गंभीर चोटें आईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद लालसिंह करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में एक राहगीर ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बाइक को टक्कर मारने वाला फोरव्हीलर चालक घायल लालसिंह को मौके पर छोड़कर अपनी गाड़ी निकालने में लगा रहा और इसके बाद वहां से भाग गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नापाखेड़ा चौपाटी पर जाम लगा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खोला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच के साथ टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। परिजनों ने हादसे वाली जगह और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर वाहन और चालक का पता लगाने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान में जुटी है।

Oct 6, 2026 - 08:20
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0