भानपुरा में कच्ची शराब के साथ कट्टा-कारतूस लेकर घूम रहा था, पुलिस ने पकड़ा आरोपी से 5 लीटर जहरीली शराब, 12 बोर देशी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस जब्त
भानपुरा। भैसोदा में आम रोड पर पुलिस ने एक आरोपी को कच्ची जहरीली शराब और हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 5 लीटर हाथभट्टी की शराब, 12 बोर का देशी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस मिले हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 15,500 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को चौकी भैसोदामंडी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध शराब और हथियार लेकर भैसोदा क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने भैसोदा के पास आम रोड पर दबिश देकर श्रीकिशन पिता तेजा कंजर (30), निवासी किशनपुरिया, थाना सदर पाटन, जिला झालावाड़, राजस्थान को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 लीटर हाथभट्टी की कच्ची शराब, 12 बोर का देशी कट्टा और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 49-ए और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी विनय बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।