संयुक्त राष्ट्र महासभा के सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे सांसद गुर्जर न्यूयॉर्क में भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक में हुए शामिल, यूएन के बजट और सुधारों पर हुई चर्चा
मंदसौर। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे 5 से 9 अक्टूबर तक न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बहुपक्षीय बैठकों में अंतरराष्ट्रीय नीतियों और विकासशील देशों की प्राथमिकताओं से जुड़े मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा। गुर्जर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की प्रशासनिक एवं बजटीय प्रश्नों से संबंधित सलाहकार समिति की अध्यक्ष जूलियाना गैस्पर रुआस के साथ भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक में भी शामिल हुए। बैठक में संयुक्त राष्ट्र के नियमित और शांति स्थापना बजट के साथ यूएन80 पहल पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त राष्ट्र के सहायक महासचिव एवं नियंत्रक चंद्रमौली रामनाथन भी बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में संयुक्त राष्ट्र के बजट और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। भारत समय पर अपना वित्तीय योगदान देकर संयुक्त राष्ट्र की वित्तीय प्रतिबद्धताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है। इसी के तहत भारत की यूएन ऑनर रोल में उपस्थिति भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। अंतरराष्ट्रीय बैठकों में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी से वैश्विक मुद्दों पर भारत का दृष्टिकोण रखने का अवसर मिलता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

