राष्ट्रीय पोषण माह में मंदसौर देश में नंबर-1, नीमच दूसरे स्थान पर मध्यप्रदेश ने भी हासिल किया तीसरा स्थान, प्रदेश के सभी 55 जिलों की भागीदारी से दर्ज हुईं 1.09 करोड़ से अधिक गतिविधियां

मंदसौर। राष्ट्रीय पोषण माह-2026 में पोषण जागरूकता और जनभागीदारी के प्रयासों में मध्यप्रदेश ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि मंदसौर ने राष्ट्रीय स्तर पर पहला और नीमच ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दोनों जिले महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के प्रभार वाले जिले हैं। 12 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे तक मध्यप्रदेश में पोषण संबंधी 1 करोड़ 9 लाख 66 हजार 805 गतिविधियों की प्रविष्टियां दर्ज की गईं। प्रदेश के सभी 55 जिलों की भागीदारी ने इस उपलब्धि को और खास बना दिया है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन में मंदसौर जिले में पोषण जागरूकता और जनभागीदारी के लिए किए गए प्रयासों को इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अंकिता पंड्या ने बताया कि भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0 के तहत हर वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह आयोजित किया जाता है। इस वर्ष नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ 9 सितंबर को हुआ। इसकी मुख्य थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, देखभाल और प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करने के साथ समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। गतिविधियों में संतुलित आहार और पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा व विविधतापूर्ण गर्म भोजन, सामुदायिक स्वामित्व और जवाबदेही, बच्चों के शुरुआती विकास व सीखने के लिए प्रोत्साहन तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के जरिए मातृ स्वास्थ्य को सहायता जैसे विषय शामिल हैं। 12 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक देशभर में पोषण माह के तहत कुल 11 करोड़ 91 लाख 64 हजार 823 गतिविधियों की प्रविष्टियां दर्ज की गईं। बिहार 1 करोड़ 49 लाख 93 हजार 265 प्रविष्टियों के साथ पहले, महाराष्ट्र 1 करोड़ 38 लाख 66 हजार 923 के साथ दूसरे और मध्यप्रदेश 1 करोड़ 9 लाख 66 हजार 805 प्रविष्टियों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 2 लाख 90 हजार 37, राजस्थान में 91 लाख 78 हजार 866, गुजरात में 84 लाख 23 हजार 561 और छत्तीसगढ़ में 71 लाख 93 हजार 724 प्रविष्टियां दर्ज की गईं। राष्ट्रीय स्तर पर 788 में से 785 जिलों ने पोषण माह की गतिविधियों में भागीदारी दर्ज कराई। वहीं मध्यप्रदेश के सभी 55 जिले अभियान में शामिल हुए। राष्ट्रीय रैंकिंग में मंदसौर और नीमच का शीर्ष दो स्थानों पर रहना प्रदेश के पोषण अभियान और जनभागीदारी के प्रयासों को विशेष पहचान देता है।

Oct 14, 2026 - 08:06
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0