हिंगलाजगढ़ माता के दर्शन कर लौट रहे दंपती की बाइक को टक्कर, महिला की मौत नावली गांव में गौशाला के पास हुआ हादसा, सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान
भानपुरा। हिंगलाजगढ़ स्थित माताजी मंदिर में दर्शन कर पति के साथ लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। गुरुवार 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे नावली गांव में गौशाला के पास अज्ञात बाइक सवार ने पीछे से दंपती की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को भानपुरा के शासकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान संजू बाई टेलर (45), निवासी पचपहाड़, राजस्थान के रूप में हुई है। वह अपने पति दिनेश टेलर के साथ भानपुरा में अपने मायके आई हुई थीं। यहां उनके भाई और सामाजिक कार्यकर्ता आशीष टेलर, पिता स्वर्गीय रामगोपाल टेलर, निवासी भानपुरा के यहां पारिवारिक कार्य से आई थीं। गुरुवार को दंपती हिंगलाजगढ़ माताजी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नावली गांव के पास उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी गई। हादसे में संजू बाई के सिर में गंभीर चोट आई और काफी रक्तस्राव हुआ। परिजन उन्हें तत्काल शासकीय चिकित्सालय भानपुरा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गांधीसागर थाना पुलिस ने भानपुरा चिकित्सालय में शव परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। महिला का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम राजस्थान के पचपहाड़ में किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

