बरुजना में चार झोपड़ियों में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख, ढाई लाख से चार लाख रुपए नकदी जलने की जानकारी, मोटरसाइकिल, साइकिल और घरेलू सामान भी खाक; एक वर्षीय बालिका को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरुजना में बुधवार दोपहर आदिवासी मजदूर परिवारों की चार झोपड़ियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि झोपड़ियों में रखा नकदी सहित घरेलू सामान, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और साइकिल जलकर राख हो गए। आगजनी में परिवारों को लाखों रुपए का नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। गनीमत रही कि ग्रामीणों की तत्परता से झोपड़ी में मौजूद एक वर्षीय बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार झाबुआ जिले के पिपल्या-पारारोड क्षेत्र के रहने वाले विनोद डामोर, बाबू डामोर, मनीष डामोर, मुकेश डामोर, कमलू डामोर और कालू भाबर सहित अन्य मजदूर परिवार बरुजना में रहकर खेती-किसानी के कार्य करते हैं। ये परिवार हर सीजन में मजदूरी के लिए क्षेत्र में आते हैं और सोयाबीन कटाई, मूंगफली उखाड़ने तथा लहसुन की चुपाई जैसे काम ठेके पर करते हैं। बताया गया कि विनोद डामोर ठेकेदारी का काम करता है और झाबुआ क्षेत्र से करीब 30 से 40 मजदूरों को खेतों में काम करने के लिए बुलाया गया था। बताया गया कि मजदूरों को अगले दिन अपने गांव लौटना था। ऐसे में किसानों से मजदूरी का हिसाब करने के बाद मिली राशि झोपड़ी में रखी हुई थी। बुधवार दोपहर जब परिवार के सदस्य मजदूरी के लिए गए हुए थे, तभी झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से नकदी, मोटरसाइकिल, साइकिल, मोबाइल फोन और खाने-पीने सहित घरेलू उपयोग का सामान जल गया। पीड़ित परिवारों के अनुसार झोपड़ी में रखी नकदी में से करीब ढाई लाख रुपए जलने की जानकारी दी गई, जबकि शुरुआती विवरण में नकदी की राशि करीब चार लाख रुपए बताई गई है। वास्तविक नुकसान का आकलन संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। एक वर्षीय बालिका को ग्रामीणों ने बचाया आगजनी के दौरान झोपड़ी में एक वर्षीय बालिका अंजली अकेली खेल रही थी। झोपड़ी में आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बालिका को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आसपास अन्य बच्चे भी खेल रहे थे। समय रहते बच्चों को सुरक्षित कर लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए ग्रामीण जुट गए। आग लगने की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में नगर परिषद की फायर फाइटर भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और फायर फाइटर के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक झोपड़ियों में रखा काफी सामान जल चुका था। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा, कांग्रेस नेता अजित कुमठ, बाबुखा मेवाती और रामचन्द्र करुण सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम स्वाती तिवारी से चर्चा कर आगजनी से प्रभावित गरीब आदिवासी मजदूर परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। पीड़ित परिवार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। ऐसे में उनकी जमा नकदी और घरेलू सामान जल जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से घटना का सर्वे करवाकर नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके। इस दौरान गोविंद पटेल, बालमुकुंद पाटीदार, पुष्कर पाटीदार, सुरेश पाटीदार, भगवतीलाल पाटीदार, रविराज पाटीदार, विजय पाटीदार, सत्यनारायण पाटीदार, नंदकिशोर पाटीदार, मुकेश पाटीदार, बबलू पाटीदार, नरेंद्र पाटीदार, नीलेश पाटीदार और विवेक पाटीदार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

