पुरानी रंजिश में आधी रात घर पर फायरिंग, गेट और खिड़की पर लगी गोलियां काचरिया कदमाला में वारदात, चचेरे भाई के घर को भी बनाया निशाना; तीन आरोपियों पर केस दर्ज
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम काचरिया कदमाला में पुरानी रंजिश के चलते रविवार रात करीब 2.30 बजे एक व्यक्ति के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है। गोलियां घर के गेट और खिड़की के कांच पर लगीं, जबकि एक गोली उसके चचेरे भाई के घर के दरवाजे पर भी लगी। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, भोपालसिंह पिता रघुवीरसिंह सोंधिया निवासी काचरिया कदमाला अपने घर में सो रहे थे। वर्ष 2022 में जावद पुलिस ने उन्हें करीब सात क्विंटल डोडाचूरा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद भोपालसिंह को शक था कि अनिलसिंह ने मुखबिरी कर उन्हें पकड़वाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पूर्व में भोपालसिंह द्वारा अनिलसिंह के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते अनिलसिंह पिता विक्रमसिंह सोंधिया निवासी पिरगुराड़िया, राजपालसिंह निवासी बोरदियाकला, जिला नीमच और राजू भील निवासी बूढ़ा एकमत होकर भोपालसिंह के घर पहुंचे और फायरिंग की। इस दौरान गोलियां घर के गेट और खिड़की के कांच पर लगीं। एक गोली भोपालसिंह के चचेरे भाई भारतसिंह के घर के दरवाजे पर भी लगी। नारायणगढ़ पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307, 294, 506 और 34 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी राजेंद्र पंवार के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

