स्कूली बच्चों से भरी गाड़ी पेड़ से टकराई, 7 बच्चे और चालक घायल 6 साल की बच्ची की हालत गंभीर, उदयपुर रेफर; चालक के नशे में होने की आशंका, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार

मंदसौर। ग्राम रिंडा के पास मंगलवार दोपहर बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में सात बच्चे और वाहन चालक घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे उदयपुर रेफर किया गया। दो बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद वाहन चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। जानकारी के अनुसार, वाहन चालक महेंद्र सिंह राजपूत (25), निवासी रिंडा, बच्चों को जीनियस पब्लिक स्कूल छोड़ने जा रहा था। गाड़ी में लुहारी श्रीपथ और बर्डियाखेड़ी के बच्चे सवार थे। ये बच्चे रोज इसी वाहन से स्कूल जाते थे। मंगलवार को रिंडा के पास अचानक गाड़ी अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी में सवार बच्चे और चालक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक बच्ची उदयपुर रेफर, दो को छुट्टी हादसे में घायल पूजा (6), रियांश (7), अक्षिता (7), अंशुल (5) और हिमांशी (6) का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। वेदिका (5) की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर किया। वहीं, गुंजन (9) और वीरेंद्र प्रजापत (15) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वाहन चालक महेंद्र सिंह के गले में गंभीर चोट आई है। उसका जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज जारी है। चालक का मेडिकल परीक्षण, रिपोर्ट का इंतजार हादसे के बाद चालक के नशे में होने की आशंका सामने आई है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था या नहीं। एसडीओपी और थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी गिरीश जेजूरकर और अफजलपुर थाना प्रभारी विकास गहलोत जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर दिव्यांशी गौर ने बताया कि एक बच्ची की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे उदयपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।

Oct 28, 2026 - 08:36
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0