10 लाख की एमडी ड्रग्स, 8 किलो डोडाचूरा लेकर मंदसौर पहुंचे गुजरात के दो तस्कर पकड़े क्रेटा में छिपाकर लाए थे नशे की खेप, पुलिस ने कार और आईफोन सहित 17.66 लाख का माल जब्त किया

मंदसौर। गुजरात से क्रेटा कार में एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा लेकर मंदसौर पहुंचे दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों के पास से 10 लाख रुपए कीमत की 100 ग्राम एमडी ड्रग्स, 8 किलो डोडाचूरा, तस्करी में इस्तेमाल क्रेटा कार और आईफोन सहित कुल 17 लाख 66 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है। दोनों आरोपी अहमदाबाद के रहने वाले हैं। पुलिस अब पता लगा रही है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और मंदसौर में किसे पहुंचाई जानी थी। यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि, 26 अक्टूबर की शाम कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति क्रेटा कार में अवैध मादक पदार्थ लेकर मंदसौर की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने अभिनंदन नगर स्थित हर्ष इको सिटी कॉलोनी के पास नाकाबंदी की। यहां मुखबिर के बताए हुलिए की काली क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा मिला। कार में सवार मोहसिन पिता बाबुभाई मंसुरी (32), निवासी गांधीनगर, हाल मुकाम अहमदाबाद और रोहान उर्फ रिहान पिता युनुस भाई शेख (22), निवासी अहमदाबाद को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 100 ग्राम एमडी ड्रग्स की कीमत 10 लाख रुपए, डोडाचूरा की 16 हजार रुपए, क्रेटा कार की 7 लाख रुपए और आईफोन की 50 हजार रुपए आंकी है। अब तस्करी के नेटवर्क की तलाश कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 और 29 के तहत केस दर्ज किया है। अब आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और संभावित खरीदारों का पता लगाया जाएगा। पुलिस आरोपियों का रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।

Oct 28, 2026 - 08:36
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0