दूध के नाम पर जहर का खेल! बाड़े में चल रही थी नकली दूध बनाने की फैक्ट्री मिल्क पाउडर, वनस्पति और यूरिया सहित 10 लाख की सामग्री जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। दूध, जो हर घर की जरूरत और सेहत का आधार है, उसी के नाम पर मिलावट का खेल चलने का मामला सामने आया है। शामगढ़ क्षेत्र के ग्राम डुंगरखेड़ी में पुलिस ने नकली दूध बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 10 लाख रुपये की सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान मिल्क पाउडर, वनस्पति और यूरिया के कट्टों सहित दूध बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण मिले। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामस्नेही मिश्रा और सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में शामगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय की टीम ने 28 अक्टूबर को ग्राम डुंगरखेड़ी में दबिश दी। यहां कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह के घर के बाड़े में कथित तौर पर नकली दूध बनाने की फैक्ट्री संचालित मिली। मौके से छह कट्टे मिल्क पाउडर बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक का वजन 25 किलोग्राम था। इसके अलावा 15-15 लीटर वनस्पति वाले पांच टिन, 14 खाली टिन और यूरिया के चार कट्टे मिले। पुलिस ने फिल्टर मिक्सर इलेक्ट्रॉनिक मशीन, गैस भट्ठी, एचपी कंपनी की गैस टंकी, डीप फ्रीजर, स्टील की कोठी, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और पानी की मोटर भी जब्त की। एक 40 लीटर की प्लास्टिक केन में लिक्विड सोप, दूध भरने की 10 खाली केन और दूध की जांच करने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी बरामद हुईं। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी और जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन को मौके पर बुलाया गया। खाद्य अधिकारी ने सामग्री के नमूने लिए। इसके बाद पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस ने कृष्णपाल सिंह पिता बद्री सिंह और शिवराज सिंह पिता बद्री सिंह, दोनों निवासी ग्राम डुंगरखेड़ी, थाना शामगढ़, को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 272, 274, 275 और 110 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। कार्रवाई में शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के साथ उपनिरीक्षक ओपी राठौर, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, आरक्षक मोकम सिंह, प्रेम कुमार, सुनील दायमा और महिला आरक्षक ऋतु सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Oct 30, 2026 - 08:17
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0