अस्पताल की पार्किंग से बाइक उड़ाई, पूछताछ में खुला 6 चोरी का राज; 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर। सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के 6 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। मामले की शुरुआत 2 अगस्त को सिद्धि विनायक अस्पताल के पार्किंग स्थल से हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी14 एमटी 4390 चोरी होने से हुई। दलोदा रेल निवासी विकास पिता गोपाल सूर्यवंशी ने 4 अगस्त को सिटी कोतवाली थाने में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध की जानकारी जुटाई गई। जांच में बाइक चोरी के मामले में अर्जुन पिता सत्यनारायण भांड (19), निवासी ग्राम जवासिया, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने एक बाइक चोरी करने के साथ ही पांच अन्य मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हीरो स्प्लेंडर प्रो एमपी14एमटी4390, हीरो होंडा पैशन प्लस एमपी14एमबी0755, टीवीएस स्टार सिटी प्लस एमपी14एमडब्ल्यू7341, सफेद रंग की होंडा एक्टिवा केए34ईए3724, बिना नंबर की काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स और हीरो एचएफ डीलक्स एमपी14एमवाई7167 बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार सभी वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपए है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में पांच अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी भी दी है। पुलिस अब इन वारदातों और बरामद वाहनों के संबंध में आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उप निरीक्षक विजय पुरोहित, प्रधान आरक्षक विनोद नामदेव, आरक्षक हरिश राठौर, आरक्षक अरुण पंवार और आरक्षक आशुतोष गिरी की भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

