शिक्षक के निलंबन की मांग पर बीईओ कार्यालय घेरा, चक्काजाम की चेतावनी के बाद कन्या उमावि में अटैच

मंदसौर। सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ शिक्षक उमेश मोदी के निलंबन की मांग को लेकर बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शिक्षक पर कार्रवाई की मांग करते हुए अधिकारियों को दोपहर 2 बजे तक का समय दिया। छात्रों ने चेतावनी दी कि तय समय तक निलंबन का आदेश जारी नहीं हुआ तो हाईवे पर चक्काजाम किया जाएगा। मामला बढ़ता देख एसडीएम स्वाती तिवारी मौके पर पहुंचीं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। इसके बाद शिक्षक उमेश मोदी को कन्या उमावि में अटैच करने के आदेश जारी किए गए। एबीवीपी कार्यकर्ताओं और छात्रों का आरोप है कि शिक्षक विद्यालय में उपस्थित होने के बावजूद कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के पीरियड नहीं ले रहे हैं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने शिक्षक पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से विद्यार्थियों में नाराजगी है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बताया कि शिक्षक उमेश मोदी के संबंध में पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उनका दावा है कि लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल की ओर से अप्रैल 2025 में जारी पत्र में शिक्षक के कार्य-व्यवहार को लेकर टिप्पणी की गई थी और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। मामले को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी मल्हारगढ़ ने जिला शिक्षा अधिकारी मंदसौर को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं को समझाइश दी तथा नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी भेजी गई है। बुधवार को प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने स्पष्ट कर दिया कि वे केवल आश्वासन से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने दोपहर 2 बजे तक शिक्षक के निलंबन का आदेश जारी करने की मांग की। कार्रवाई नहीं होने पर हाईवे पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी गई। इसके बाद एसडीएम स्वाती तिवारी मौके पर पहुंचीं और कार्यकर्ताओं से चर्चा की। कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे और सांदीपनि विद्यालय की ओर जाने लगे। हालांकि बाद में शिक्षक उमेश मोदी को कन्या उमावि में अटैच करने के आदेश जारी कर दिए गए।

Aug 20, 2026 - 08:06
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0