शाही सवारी में आज नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान पशुपतिनाथ, हजारों श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे शाही सवारी से एक दिन पहले 5 हजार श्रद्धालुओं की वाहन रैली, जयकारों से गूंजा शहर
मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ सोमवार को शाही सवारी में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। राजसी ठाठ-बाट के साथ निकलने वाली शाही सवारी को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। सवारी से एक दिन पहले रविवार को भगवान पशुपतिनाथ प्रात:कालीन आरती मंडल की ओर से भव्य वाहन रैली निकाली गई। इसमें करीब 5 हजार श्रद्धालु दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान हर-हर महादेव और जय पशुपतिनाथ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। रैली का उद्देश्य शाही सवारी का प्रचार-प्रसार करने के साथ शहरवासियों और श्रद्धालुओं को सवारी में शामिल होने का निमंत्रण देना था। प्रात:कालीन आरती मंडल के पंडित दिलीप शर्मा ने बताया कि मंडल पिछले करीब 30 वर्षों से भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी निकाल रहा है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी सवारी से एक दिन पहले वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू होकर सत्संग भवन, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, सदर बाजार, घंटाघर, गणपति चौक, शुक्ला चौक, कालाखेत, गांधी चौराहा, बीपीएल चौराहा और नई आबादी पहुंची। इसके बाद कंबल केंद्र, संजय गांधी उद्यान, महाराणा प्रताप बस स्टैंड, रामटेकरी कॉर्नर, श्री कोल्ड, संजीत मार्ग, लक्ष्मीबाई चौराहा, गीता भवन रोड अंडरब्रिज, अभिनंदन मार्ग, रेलवे स्टेशन, नाहटा चौराहा, पुलिस लाइन और अंबेडकर चौराहा होते हुए नेहरू बस स्टैंड बालाजी और कालिदास मार्ग पहुंची। यहां से रैली घंटाघर और सदर बाजार होते हुए वापस पशुपतिनाथ मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। जगह-जगह हुए स्वागत से रैली में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता रहा। वाहनों के लंबे काफिले और लगातार गूंजते जयकारों से शहर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। अब शहरवासियों को भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी का बेसब्री से इंतजार है। बड़ी पुलिया पर पूरे दिन वाहनों की आवाजाही बंद मंदसौर। 24 अगस्त को भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। शाही सवारी के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। 10 नंबर नाका से प्रतापगढ़ पुलिया और प्रतापगढ़ पुलिया से कोर्ट घाटी मार्ग पर बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। प्रतापगढ़ से मंदसौर आने-जाने वाली बसें नया खेड़ा मार्ग से आवागमन कर सकेंगी। पशुपतिनाथ मंदिर स्थित बड़ी पुलिया पर पूरे दिन सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसमें दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहन भी शामिल हैं। चंद्रपुरा और खिलजीपुरा जाने वाले दोपहिया वाहन छोटी पुलिया से आ-जा सकेंगे। अन्य वाहन मनपुरिया चौराहा अथवा बाईपास-नालछा माता मंदिर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे। शाही सवारी के नगर भ्रमण के दौरान सवारी के निर्धारित मार्ग को यातायात के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान वाहनों को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि शाही सवारी के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

