बारिश थमी तो बढ़ी उमस, छह दिन में जिले में सिर्फ 0.04 इंच पानी; 24 से फिर सक्रिय हो सकता है मानसून

मंदसौर। जिले में बारिश का दौर फिलहाल थमा हुआ है। पिछले छह दिनों में पूरे जिले में सिर्फ 0.04 इंच बारिश दर्ज हुई है। शनिवार को दिनभर धूप रही और रविवार को भी मौसम इसी तरह बना हुआ है। बारिश रुकने के बाद गर्मी के साथ उमस बढ़ गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 24 अगस्त से जिले में फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। अगले चार से पांच दिन मानसून सक्रिय रहने के आसार हैं। शनिवार को मंदसौर में दिन का तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश नहीं होने से उमस का असर बढ़ गया। दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई। 1 जून से 23 अगस्त तक जिले में औसतन 517.4 मिमी यानी 20.37 इंच बारिश दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 22.11 इंच बारिश हुई थी। इस तरह इस वर्ष अब तक करीब 2 इंच कम बारिश हुई है। जिले में सबसे अधिक 645 मिमी बारिश धुंधड़का में दर्ज की गई है। भावगढ़ में 576.2, मल्हारगढ़ में 541, शामगढ़ में 538.2, गरोठ में 527, सीतामऊ में 520, सुवासरा में 514.1, मंदसौर में 501, भानपुरा में 498.6, कयामपुर में 427.5 और संजीत में 403 मिमी बारिश दर्ज हुई है। मंदसौर तहसील में 60 मिमी कम बारिश मंदसौर तहसील में 1 जून से 23 अगस्त तक 501 मिमी यानी करीब 19.72 इंच बारिश हुई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 561 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस बार तहसील में करीब 60 मिमी कम बारिश हुई है। पूरे जिले में पिछले वर्ष 19 अगस्त तक कुल 6003.1 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक 5691.6 मिमी बारिश हुई है। 24 से फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधि मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 24 अगस्त से जिले में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं। 24 अगस्त को मंदसौर शहर में बारिश की संभावना है। 25 और 26 अगस्त को भी बादल छाए रहने के साथ जिले के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। हालांकि बारिश की तीव्रता सभी क्षेत्रों में एक जैसी नहीं रहेगी। कुछ स्थानों पर बारिश होगी, जबकि कुछ जगह केवल बादल छाए रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में बारिश और बादल बने रहने से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं। दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री और रात का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 23 से 26 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम 23 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है। 24 अगस्त से बारिश की गतिविधि बढ़ सकती है। 25 अगस्त को बादल छाए रहने के साथ स्थानीय स्तर पर बारिश के आसार हैं। 26 अगस्त को भी बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले चार से पांच दिनों तक मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है।

Aug 24, 2026 - 08:03
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0