मंदसौर में गूंजा पैगाम-ए-मोहब्बत, हजारों की मौजूदगी में निकला ईद मिलादुन्नबी का भव्य जलसा मदारपुरा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा जलसा, नयापुरा रोड सहित कई स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत; धर्मगुरुओं और उलेमाओं की रही मौजूदगी
मंदसौर। मुस्लिम समाज ने बुधवार को पैगंबर मोहम्मद के यौमे पैदाइश के अवसर पर ईद मिलादुन्नबी का पर्व पूरी अकीदत, उत्साह और शानो-शौकत के साथ मनाया। एक दिन पहले वाहन रैली निकालकर जलसे का प्रचार-प्रसार किया गया था। बुधवार को उसी क्रम में शहर में भव्य जलसा निकाला गया, जिसमें हजारों की संख्या में मुस्लिम समाजजन शामिल हुए। ईद मिलादुन्नबी की परंपरागत रस्मों के साथ जलसे की शुरुआत मदारपुरा क्षेत्र से हुई। यहां से जलसा नरसिंहपुरा, नयापुरा रोड, गोल चौराहा, सरदार पटेल चौराहा, जिला चिकित्सालय के सामने से गांधी चौराहा, युवराज क्लब के सामने पुराने बस स्टैंड, भारत माता चौराहा, कालिदास मार्ग, घंटाघर, आजाद चौक, सदर बाजार और मंडी गेट होते हुए अंजुमन इस्लाम पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। जलसे में मुस्लिम समाज के युवा, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। अखाड़ों के प्रदर्शन और ढोल-धमाकों के बीच पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल रहा। खुले वाहनों में मुस्लिम समाज के धर्मगुरु, वरिष्ठजन, शहर काजी और बाहर से आए उलेमा भी सवार रहे। रास्तेभर विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। नयापुरा रोड पर जलसे के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। करीब तीन दिन पहले से यहां स्वागत के लिए टेंट लगाए गए थे। बुधवार को जलसे के पहुंचते ही नयापुरा रोड की रौनक देखते ही बनी। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन जलसे के स्वागत और आयोजन में शामिल हुए। युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी खुशी का इजहार किया। नयापुरा रोड से आगे जलसा गोल चौराहे की ओर बढ़ा। यहां डेस केबल टीवी परिवार की ओर से स्वागत मंच बनाया गया था। प्रबंधक मोहम्मद हनीफ शेख, डायरेक्टर सलाउद्दीन मंसूरी, शरीफ शेख, माजिद शेख सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे और जलसे का स्वागत किया। मंदसौर नगर की परंपरा रही है कि किसी भी धर्म का जुलूस निकलने पर विभिन्न संस्थाएं और संगठन उसका स्वागत करते हैं। इसी परंपरा के तहत ईद मिलादुन्नबी के जलसे का भी अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। कांग्रेस परिवार की ओर से भी जलसे का स्वागत किया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी सत्रावाला, पूर्व विधायक नवकृष्ण पाटिल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद हनीफ शेख, सोमिल नाहटा, मनजीत सिंह मनी, सादिक गौरी, कमलेश सोनी लाला, दिलीप देवड़ा, अजय लोढ़ा, इष्टा भाचावत, सुनीता बंडी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे। जलसे के दौरान पूरे शहर में उत्साह और सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर निगरानी रखी गई। कंट्रोल रूम से टीवी मॉनिटर के माध्यम से पूरे जलसे पर नजर रखी गई। पुलिस अधिकारी विनोद कुमार मीणा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व्यवस्था पर नजर बनाए रहे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा और पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक अमला सतर्क रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

