आकाशीय बिजली ने मचाया धमाका, मकान की दीवार क्षतिग्रस्त; बिजली उपकरण जले नारायणगढ़-पिपलिया स्टेशन क्षेत्र में देर रात तेज बारिश और आंधी के बीच हुआ हादसा, घर में सो रहे परिवार में मची दहशत; ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराने की मांग की
नारायणगढ़/पिपलिया स्टेशन (निप्र)। बुधवार देर रात क्षेत्र में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक मकान को काफी नुकसान पहुंचा। हादसा दिनेश (गबुचंद) पिता मोहनलालजी प्रजापत के मकान में हुआ। बिजली गिरने की तेज आवाज से घर में सो रहे परिवार के लोग सहम गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार देर रात अचानक आकाशीय बिजली मकान पर गिरी। तेज धमाके के साथ बिजली गिरने से मकान की दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं घर में रखे इलेक्ट्रिक उपकरण भी जलकर खराब हो गए। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मकान के अंदर सो रहे थे। अचानक हुए तेज धमाके से उनकी नींद खुल गई और परिवार में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों का हाल जाना। मकान को हुए नुकसान के बाद पीड़ित परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व अधिकारियों की टीम को मौके पर भेजकर मकान को हुए नुकसान का निरीक्षण कराया जाए और पंचनामा बनाया जाए। ग्रामीणों ने क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। गनीमत रही कि आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

