रॉन्ग साइड की टक्कर ने फिर ली जान, सांवलियाजी दर्शन को निकले पति की मौत मल्हारगढ़ मंडी के सामने फोरलेन पर भीषण हादसा; पत्नी गंभीर, आधे घंटे तक सड़क पर तड़पती रही घायल, एंबुलेंस नहीं पहुंची तो ट्रैक्टर से अस्पताल ले गए व्यापारी-किसान

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मल्हारगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने फोरलेन पर सोमवार को एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामी सामने आई। सांवलियाजी दर्शन के लिए बाइक से जा रहे पति-पत्नी की रॉन्ग साइड से आ रहे अज्ञात वाहन से भिड़ंत हो गई। भीषण टक्कर में बाइक सवार ईश्वरसिंह पिता गंगासिंह राजपूत, निवासी लसुड़िया जगमाल, तहसील मोहन बड़ोदिया, जिला शाजापुर की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी मुन्नीबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद घायल मुन्नीबाई और मृतक ईश्वरसिंह काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। बताया जा रहा है कि सूचना के बावजूद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान कृषि उपज मंडी के व्यापारियों, हम्मालों और किसानों ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को ट्रैक्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मंडी के सामने रॉन्ग साइड से आते हैं वाहन स्थानीय लोगों के अनुसार मल्हारगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने लंबे समय से यातायात व्यवस्था गंभीर समस्या बनी हुई है। मंडी में कृषि उपज लेकर आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन निर्धारित दिशा में जाने के बजाय रॉन्ग साइड से मंडी की ओर पहुंचते हैं। फोरलेन पर तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के बीच गलत दिशा से आने वाले वाहनों के कारण यहां लगातार हादसों का खतरा बना रहता है। 10 साल में करीब 20 मौतों का दावा स्थानीय लोगों का कहना है कि कृषि उपज मंडी शुरू होने के करीब 10 वर्षों के दौरान मंडी के सामने अलग-अलग सड़क हादसों में करीब 20 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को लेकर अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों का कहना है कि मंडी में आने वाले वाहनों के लिए सुरक्षित रास्ते की व्यवस्था नहीं होने के कारण फोरलेन पर रॉन्ग साइड से आवाजाही का जोखिम बना रहता है। एंबुलेंस नहीं पहुंचना दुर्भाग्यपूर्ण : शर्मा दुर्घटना के दौरान मल्हारगढ़ किसी कार्य से जा रहे कांग्रेस नेता अनिल शर्मा भी मौके पर रुके। एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर उन्होंने कहा कि मल्हारगढ़ और पिपलियामंडी जैसे फोरलेन से जुड़े क्षेत्रों में लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पर्याप्त एंबुलेंस व्यवस्था नहीं होने से घायलों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता। शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि दुर्घटना के बाद घायल महिला करीब आधे घंटे तक सड़क पर पड़ी रही और एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची। उन्होंने तहसीलदार पंकज जाट से चर्चा कर फोरलेन से जुड़े अस्पतालों में पर्याप्त एंबुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने मल्हारगढ़ कृषि उपज मंडी के सामने उपज लेकर आने वाले वाहनों के लिए भी सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने की मांग की। शर्मा ने कहा कि मंडी में आने वाले वाहनों को रॉन्ग साइड से आने की मजबूरी खत्म की जाए और ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसान और अन्य वाहन चालक फोरलेन पर गलत दिशा में प्रवेश न करें।

Sep 1, 2026 - 07:38
 0  2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0