डंपर की टक्कर से पति की मौत, पत्नी गंभीर घायल, ग्रामीणों का 5 घंटे तक चक्काजाम, मांग नही मानी तो शव को लेकर थाने पहंुचे, शाम मुआवजा देने की बात पर हुआ समझौता
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के राजस्थान से सटे ग्राम उमरिया में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में डंपर की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और आक्रोश जताते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने, डंपर मालिक को मौके पर बुलाने तथा हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़ गए। करीब 5 घंटे तक चले धरने और चक्काजाम के बाद ग्रामीण शव लेकर पिपलियामंडी थाने पहुंचे। यहां डंपर मालिक की ओर से मृतक के परिवार को करीब साढ़े पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिल्लू निवासी जगदीश (50) पिता हीरालाल धानका रविवार सुबह अपनी पत्नी कारीबाई के साथ बाइक से पिपलिया की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े 9 बजे उमरिया नाला क्षेत्र में पिल्लू गांव से करीब 100 मीटर दूर मोड़ पर विनोद पाटीदार के खेत के निकट उनकी बाइक को तेज गति से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार जगदीश धानका की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। महिला की हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे उपचार के लिए प्रतापगढ़ अस्पताल इलाज के लिए ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पिल्लू सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। हादसे को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। ग्रामीण सुबह करीब 10 बजे धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि हादसे में एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल है। ऐसे में परिवार को उचित आर्थिक सहायता मिलना चाहिए। ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाले डंपर के मालिक को मौके पर बुलाने तथा मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए का मुआवजा देने की मांग रखी। चक्काजाम की सूचना मिलने पर पिपलियामंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। बताया गया इस दौरान पथराव की बात भी सामने आई, हालांकि पुलिस ने इस बात से इंकार किया है। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक डंपर मालिक को मौके पर बुलाकर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने का ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। इस दौरान मौके पर तनाव की स्थिति भी बनी रही। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि मामले का उचित निराकरण नहीं किया गया तो वे पिपलियामंडी थाने का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने दुर्घटना में शामिल डंपर को लेकर भी कई सवाल उठाए। ग्रामीणों की मांग थी कि पुलिस यह स्पष्ट करे कि दुर्घटना करने वाला डंपर किसके नाम पर है, उसका वास्तविक मालिक कौन है और वाहन किसके नाम से पंजीकृत है। इसके अलावा ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि दुर्घटना के बाद उक्त डंपर को राजस्थान के रठाजना थाने पर किसके द्वारा, किसके निर्देश पर और किन परिस्थितियों में भिजवाया गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाने की मांग की। ग्रामीण करीब सुबह 10 बजे से धरने पर बैठे थे। दोपहर करीब 3 बजे तक ग्रामीणों का विरोध जारी रहा। इसके बाद ग्रामीण शव को लेकर पिपलियामंडी थाने पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी थाने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस गादोला मंडल अध्यक्ष सुरेश गुर्जर, पिल्लू सरपंच राजकुमार मीणा, भागीरथ पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण पिपलियामंडी थाने पहुंचे और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग रखी। शव को थाने लाए जाने के बाद पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों और डंपर मालिक पक्ष के बीच बातचीत हुई। ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे थे। चर्चा के दौरान डंपर मालिक की ओर से मृतक के परिवार को करीब साढ़े पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया गया। करीब शाम 5 बजे दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पिपलियामंडी टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया पुलिस ने हादसे को लेकर डंपर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों, वाहन और चालक से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

