विवाहिता को लेने पहुंचे पहले पति से हुआ विवाद, दोनों पक्षों में मारपीट, बाद में समझौता

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नगर में अयोध्या बस्ती में सोमवार को एक विवाहिता को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पुलिस चौकी लेकर आई। दोनों पक्षों की ओर से आवेदन भी दिए गए। जानकारी के अनुसार क्षेत्र की एक युवती का पूर्व में विवाह छोटीसादड़ी (राजस्थान) हो चुका था, जब वह नाबालिग थी। लेकिन वह अपने ससुराल जाने के बजाय मायके में रह रही थी। सोमवार को उसका पहला पति उसे लेने के लिए पिपलियामंडी की अयोध्या बस्ती पहुंचा। युवती ने उसके साथ जाने से इनकार करते हुए दूसरे युवक से विवाह करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों पक्षों को पुलिस चौकी लेकर आई। चौकी पर दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी शिकायत एवं आवेदन दिए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, लेकिन देर शाम दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। चौकी प्रभारी रितेश डामोर ने बताया कि दोनों पक्ष विवाद के बाद पुलिस चौकी पहुंचे थे और दोनों ओर से आवेदन दिए गए थे। बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया, जिसके चलते कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया।

Sep 8, 2026 - 07:42
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0