पुलिस को देख पिकअप छोड़ खेतों में भागा चालक, 100 किलो डोडाचूरा जब्त
शामगढ़। नशा मुक्ति अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप से 100 किलो अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक वाहन को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों में भाग निकला। पुलिस ने वाहन मालिक की पहचान विष्णु नाथ निवासी कुंडलाखुर्द के रूप में की है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को सहायक उपनिरीक्षक रूप सिंह झाला को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हतई फंटे के पास सफेद रंग की बोलेरो पिकअप क्रमांक एमपी 14 जेडएच 1413 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस बल ने पीछा किया तो चालक ग्राम एरी के पास पिकअप छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग गया। पिकअप की विधिवत तलाशी लेने पर उसके अंदर पांच कट्टों में भरा कुल 100 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई है। इसके अलावा करीब 80 लाख रुपए कीमत की बोलेरो पिकअप भी जब्त की गई। मामले में थाना शामगढ़ में धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। विवेचना के दौरान पुलिस ने वाहन के स्वामी की पहचान विष्णु नाथ पिता गोवर्धन नाथ निवासी कुंडलाखुर्द, थाना शामगढ़ के रूप में की। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय, उपनिरीक्षक मनोज महाजन, सहायक उपनिरीक्षक रूप सिंह झाला, आरक्षक विशाल सिंह सोलंकी, प्रेम कुमार रावत और धर्मेश बैरागी का योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

