फीस विवाद पर लॉ कॉलेज में प्रदर्शन: गेट बंद करने के प्रयास पर पुलिस से धक्का-मुक्की, सड़क पर चक्काजाम
जवाहरलाल नेहरू लॉ कॉलेज में फीस को लेकर शुक्रवार को एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के मुख्य प्रवेश द्वार को बंद करने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और नोकझोंक हो गई। इसके बाद प्रदर्शनकारी संजीत रोड पर धरने पर बैठ गए और कुछ समय के लिए चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले आंदोलन के बाद ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष रामा देवी गुर्जर ने 15 अगस्त से पहले मांगों पर विचार कर समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। फीस व्यवस्था में बदलाव और कथित फीस वृद्धि के विरोध में एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता श्रीकांत तिराहे से रैली निकालते हुए जवाहरलाल नेहरू लॉ कॉलेज पहुंचे। कॉलेज परिसर में उन्होंने नारेबाजी कर फीस व्यवस्था का विरोध किया और विद्यार्थियों पर बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र भी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता कॉलेज के मुख्य गेट पर पहुंचे और प्रवेश द्वार बंद करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात पर नियंत्रण पाया और किसी भी अप्रिय स्थिति को उत्पन्न नहीं होने दिया। मुख्य गेट पर हुई नोकझोंक के बाद प्रदर्शनकारी कॉलेज के बाहर संजीत रोड पर धरने पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। सड़क पर छात्रों के बैठने से कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों की आवाजाही कराई और स्थिति को सामान्य बनाए रखा। पूरे घटनाक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। स्थिति को शांत करने के लिए कॉलेज प्राचार्य प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष एवं नगर पालिका अध्यक्ष रामा देवी गुर्जर भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने एनएसयूआई पदाधिकारियों और छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि उनकी मांगों पर ट्रस्ट बोर्ड की बैठक में गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा 15 अगस्त से पहले उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने धरना और चक्काजाम समाप्त कर दिया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंथन धनोतिया ने कहा कि कॉलेज में अध्ययनरत अधिकांश विद्यार्थी किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों से हैं। आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई छात्र फीस एकमुश्त जमा करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सत्र में फीस बढ़ाई गई है। संगठन की मांग है कि पुरानी फीस व्यवस्था बहाल की जाए तथा विद्यार्थियों को तीन फसल-तीन किस्त के आधार पर फीस जमा करने की सुविधा प्रदान की जाए। वहीं ट्रस्ट बोर्ड अध्यक्ष रमा देवी गुर्जर ने स्पष्ट किया कि कॉलेज में किसी प्रकार की फीस वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कॉलेज की सभी प्रक्रियाएं नियमानुसार संचालित हो रही हैं। छात्रों की मांगों को ट्रस्ट बोर्ड की बैठक में रखा जाएगा और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

