मंदसौर के ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की दहशत, अब नीलगाय का किया शिकार रेवास देवड़ा रोड पर मक्का के खेत में मिला नीलगाय का शव, 2-3 महीने से क्षेत्र में सक्रिय तेंदुआ; हर 4-5 दिन में कर रहा शिकार

मंदसौर। शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की लगातार आवाजाही और पशुओं के शिकार की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। रविवार को रेवास देवड़ा रोड स्थित ऋषियानंद कुटिया के समीप मक्का के खेत में नीलगाय का शव मिला। किसानों के अनुसार नीलगाय का शिकार तेंदुए ने किया है। शव के आसपास मक्का की फसल भी रौंदी हुई मिली। खेत के आसपास बदबू आने पर किसानों को नीलगाय के शव का पता चला। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। क्षेत्र के बादरपुरा और नरसिंहपुरा में पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार आवाजाही बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेंदुआ गाय और बछड़े के अलावा 10 से अधिक कुत्तों का भी शिकार कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने कुछ दिन पहले तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ उसमें नहीं आया। किसान संदीप कुमावत ने बताया कि तेंदुआ पिछले दो-तीन महीने से क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। कुछ दिन पहले उसने गाय का शिकार किया था और अब नीलगाय का शिकार कर लिया। शिकायत के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ उसमें नहीं आया। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की दहशत के कारण खेतों में काम करने के लिए मजदूर भी नहीं आ रहे हैं। जिला वन अधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि यह कम उम्र का नर तेंदुआ है। पहले जब उसने गाय के बछड़े का शिकार किया था, तब बछड़े को पिंजरे में रखकर तेंदुए को पकड़ने का प्रयास किया गया था। उन्होंने बताया कि तेंदुआ करीब हर 4-5 दिन में शिकार कर रहा है। कभी गाय, कभी बछड़ा तो कभी कुत्ते का शिकार किया जा रहा है। ताजा मामला नीलगाय के शिकार का है। वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

Oct 5, 2026 - 08:04
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0