बाइक डिवाइडर से टकराकर रेतम नदी में गिरी, 16 वर्षीय अयान की डूबने से मौत

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। मंदसौर-नीमच जिले की सीमा पर रेतम नदी के समीप दर्दनाक हादसा हो गया। बाइक पर सवार दो 16 वर्षीय बालक हादसे का शिकार हो गए। टर्न पर बाइक डिवाइडर से टकराकर नदी में जा गिरी। हादसे में एक बालक नदी में गिर गया, जबकि दूसरा नदी के किनारे जा गिरा। घटना में कनघट्टी निवासी अयान पिता आशिक हुसेन की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के गांव कनघट्टी निवासी गौरी बस संचालक आशिक हुसेन का 16 वर्षीय पुत्र अयान और पूनमचंद धोबी का 16 वर्षीय पुत्र सुनील बाइक से उगरान की ओर से अपने गांव कनघट्टी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में टर्न पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और नदी में जा गिरी। हादसे में अयान नदी में गिर गया, जबकि सुनील नदी के किनारे जा गिरा। बताया जा रहा है कि बाइक सुनील चला रहा था। घटना के बाद मौके पर कुछ लोग एकत्रित हो गए, लेकिन शुरुआत में किसी को पता नहीं चल पाया कि अयान नदी में गिर गया है। कुछ देर बाद जब ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो नदी में उसकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान कनघट्टी चौकीदार शौकत मंसूरी सहित ग्रामीणों ने अयान को नदी से बाहर निकाला। परिजन उसे तत्काल जीरन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे नीमच ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाला अयान कक्षा 10 वीं में अध्ययनरत था। उसके परिवार में एक छोटा भाई रियान व जिशान है। पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने ने बताया कि मृतक पिपलियामंडी थाना क्षेत्र का निवासी है, लेकिन हादसा कनघट्टी और उगरान के बीच हुआ है, जो नीमच जिले के क्षेत्र में आता है। मामले की जांच नीमच जिला पुलिस करेगी।

Oct 13, 2026 - 08:14
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0