डोडाचूरा और प्रतिबंधित गोलियों के साथ बाइक सवार गिरफ्तार नारायणगढ़ पुलिस ने 5.290 किलो डोडाचूरा, अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल और टीपी डोल की गोलियां जब्त कीं; वाहन और मोबाइल सहित 1.91 लाख रुपए से अधिक की सामग्री जब्त
मंदसौर। नारायणगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार को डोडाचूरा और प्रतिबंधित गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.290 किलो पिसा हुआ डोडाचूरा, अल्प्राजोलम की 1200 पत्ते, ट्रामाडोल की 20 पत्ते और टीपी डोल की 75 पत्ते जब्त की गई हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 91 हजार 580 रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, नारायणगढ़-पिपलियामंडी रोड पर सगस बावजी मंदिर के पास बरखेड़ा वीरपुरिया फंटे पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 44 जेडबी 2375 को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर सवार ताहिद पिता नबी नूर मोहम्मद (40), निवासी रामद्वारा गली, जावद, जिला नीमच के कब्जे से डोडाचूरा और विभिन्न प्रकार की गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ, गोलियां, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त कर लिया। पुलिस ने जब्त डोडाचूरा की कीमत 10,580 रुपए, अल्प्राजोलम की गोलियों की कीमत 1 लाख रुपए, ट्रामाडोल की गोलियों की कीमत 6 हजार रुपए और टीपी डोल की गोलियों की कीमत 15 हजार रुपए बताई है। इसके अलावा 50 हजार रुपए की मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत 1,91,580 रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारायणगढ़ थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15 और 22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी से जब्त मादक पदार्थों और गोलियों के स्रोत तथा उनकी आपूर्ति से जुड़े पहलुओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार पवार सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

