पेट्रोल पंप लूटने से पहले ही दबोचे गए तीन बदमाश, हथियार और मिर्च पाउडर बरामद भानपुरा में आधी रात लूट की साजिश, राजस्थान के तीन आरोपी गिरफ्तार; दो स्थानीय बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
मंदसौर। भानपुरा पुलिस ने पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात टाल दी। पुलिस ने ग्राम करमदीखेड़ा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास बंद दुकानों के पीछे अंधेरे में छिपकर लूट की योजना बना रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से लोहे की तलवार, लाल मिर्च पाउडर, लोहे का सरिया और दो लट्ठ बरामद किए गए हैं। पकड़े गए तीनों आरोपी राजस्थान के रहने वाले हैं, जबकि उनके साथ मौजूद दो स्थानीय आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार 12 अगस्त को उप निरीक्षक बापू सिंह बामनिया को मुखबिर से सूचना मिली थी कि करमदीखेड़ा स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के पास कुछ संदिग्ध लोग बंद दुकानों के पीछे अंधेरे में छिपे हैं और पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी भानपुरा उप निरीक्षक विनय कुमार बुंदेला के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान कल्लू पिता श्यामलाल कंजर, उम्र 36 वर्ष, निवासी रेनखेड़ा, थाना रावतभाटा, जिला चित्तौड़गढ़; बादल पिता इंदरमल कंजर, उम्र 25 वर्ष, निवासी धांगनमऊ कलां, थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ और दिनेश पिता चतुर्भुज बागरी, उम्र 27 वर्ष, निवासी देवली कलां, थाना चेचट, हाल निवासी सालेरा खुर्द, थाना चेचट, जिला कोटा को गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान राहुल पिता बसंतीलाल बाछड़ा और रणजीत पिता बसंतीलाल बाछड़ा, दोनों निवासी बाबुल्दा टेकरी, थाना भानपुरा, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले। पुलिस अब दोनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे की तलवार, लाल मिर्च पाउडर, एक लोहे का सरिया और दो लट्ठ बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद सामान का इस्तेमाल पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात के दौरान किया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। फरार दोनों आरोपियों की भूमिका और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विनय कुमार बुंदेला, उप निरीक्षक बापू सिंह बामनिया, सहायक उप निरीक्षक धन्नालाल योगी, प्रधान आरक्षक प्रमोद व्यास, प्रधान आरक्षक आशीष बैरागी, प्रधान आरक्षक मुजफ्फर, आरक्षक मनीष बघेल, आरक्षक कमल प्रताप सिंह, आरक्षक प्रतीक तंवर, आरक्षक भगत सिंह, आरक्षक लालू गुर्जर, आरक्षक कौशलेन्द्र सिंह, आरक्षक बहादुर सिंह, आरक्षक राजेन्द्र सिंह, आरक्षक जतिन दीक्षित और आरक्षक लक्ष्मण सिंह का विशेष योगदान रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

