सरदार पटेल की जयंती पर दौड़े मंदसौरवासी, 200 एनसीसी कैडेट्स ने भी लिया हिस्सा राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन, सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण; अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ
मंदसौर, 31 अक्टूबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन और 5वीं मध्यप्रदेश एनसीसी बटालियन के संयुक्त तत्वावधान में रन फॉर यूनिटी मैराथन आयोजित की गई। इसमें जिले के करीब 200 एनसीसी कैडेट्स सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने उत्साह से भाग लिया। दौड़ सरदार पटेल चौराहे से शुरू होकर कॉलेज ग्राउंड पर संपन्न हुई। आयोजन में सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार, यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, पार्षद भारतीय पाटीदार, धीरज पाटीदार, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, एसडीएम शुभम पाटीदार, मदनलाल राठौर और एनसीसी कमान अधिकारी कर्नल सुनील चीकोड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका जीवन राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी ऐसा संगठन है, जो देशभर के युवाओं को अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना से जोड़ता है। इसके माध्यम से युवा देशसेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई। आयोजन में जनप्रतिनिधियों के साथ नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, खिलाड़ी, युवा, विद्यार्थी, समाजसेवी, उद्योगपति और व्यापारी भी शामिल हुए। इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर और पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया सहित जनप्रतिनिधियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्टोरेट में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ मंदसौर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष सहित विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। कलेक्टोरेट में डिप्टी कलेक्टर शुभम गुर्जर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाई। शपथ में अधिकारियों-कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि वे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे। देशवासियों के बीच एकता का संदेश फैलाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और कार्यों से प्रेरित होकर देश की एकता की भावना को मजबूत करने तथा आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प भी लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

