शासकीय जमीन पर चल रही नकली दूध फैक्ट्री पर चला बुलडोजर, 6 लाख का निर्माण ढहाया डूंगरखेड़ी में प्रशासन-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, छापे में मिला था मिल्क पाउडर, केमिकल और 40 लीटर तैयार नकली दूध
शामगढ़। डूंगरखेड़ी गांव में नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर शनिवार सुबह प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटा दिया। शासकीय जमीन पर बने करीब 30×20 फीट के निर्माण को ध्वस्त कर जमीन को कब्जे में लिया गया। हटाए गए निर्माण की बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है। करीब एक घंटे चली कार्रवाई के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही।
पुलिस ने 28 अक्टूबर की रात फैक्ट्री पर छापा मारकर नकली दूध बनाने का प्लांट पकड़ा था। पुलिस के पहुंचने से पहले फैक्ट्री संचालक कृष्णपाल सिंह और शिवपाल सिंह, पिता बद्रीलाल, मौके से फरार हो गए थे। अगले दिन पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। फैक्ट्री गांव की नई आबादी में आरोपियों के घर और शासकीय जमीन पर संचालित हो रही थी।
छापे के दौरान पुलिस को मौके से पारस कंपनी के मिल्क पाउडर के 6 कट्टे, 40 लीटर केमिकल, 40 लीटर तैयार दूध, पाम तेल के 5 डिब्बे और 2 हजार लीटर क्षमता का दूध टैंक मिला था। इसके अलावा तौल कांटा, फ्रिज और मोटर भी जब्त की गई थी।
बताया गया कि खाद्य सुरक्षा विभाग ने करीब 40 दिन पहले इसी स्थान से सैंपल लिए थे। लैब रिपोर्ट आने में देरी और कार्रवाई नहीं होने के दौरान आरोपियों ने प्लांट दोबारा शुरू कर दिया था। सूचना मिलने पर जिला खाद्य अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन, नायब तहसीलदार भीम सिंह खराड़ी, एसडीओपी दिनेश प्रजापति और थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
शनिवार सुबह एसडीएम राहुल चौहान के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। तहसीलदार भीम सिंह खराड़ी, पुष्पाल सिंह, थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्र, कस्बा पटवारी मुकेश सालवी सहित 10 पटवारी, कोटवार और पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से निर्माण हटाया गया। अधिकारियों ने कहा कि मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।