अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने पर भड़का आक्रोश, चार घंटे चक्काजाम; आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम
भानपुरा। तहसील के लोठखेड़ी गांव में 3-4 अक्टूबर की दरमियानी रात असामाजिक तत्वों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। विरोध में लोठखेड़ी चौराहे पर करीब चार घंटे तक चक्काजाम किया गया। आंदोलनकारियों ने आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामस्नेही मिश्रा और एसडीओपी विजय यादव के नेतृत्व में सीतामऊ, शामगढ़, गरोठ, गांधीसागर और भानपुरा से भारी पुलिस बल तैनात किया गया। आंदोलनकारियों ने मांग की कि आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उनका सार्वजनिक जुलूस निकाला जाए। साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित करने और स्मारक पर सीसीटीवी कैमरे व रोशनी की व्यवस्था करने की मांग भी रखी। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 7 अक्टूबर को भानपुरा बंद रखा जाएगा और मंदसौर एसपी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। पुलिस ने अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एएसपी रामस्नेही मिश्रा द्वारा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिए जाने और भीम आर्मी के विजय धामनिया द्वारा ज्ञापन का वाचन किए जाने के बाद धरना समाप्त हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

