स्वामित्व योजना से अगोरिया के 80 परिवार बने मकान के मालिक, अंतिम हितग्राही की भी हुई रजिस्ट्री सांसद सुधीर गुप्ता और राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर बोले- अब ग्रामीणों को मिला मकानों का वास्तविक मालिकाना हक, दूर हुई वर्षों पुरानी चिंता

मंदसौर। स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को उनके मकानों के मालिकाना हक के दस्तावेज मिलने से वर्षों पुरानी चिंता दूर हो रही है। मंदसौर तहसील के ग्राम अगोरिया में योजना के तहत सभी 80 मकानों की रजिस्ट्री का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। शुक्रवार को सूची के अंतिम हितग्राही समरथ पिता भेरूलाल के 1700 वर्गफीट क्षेत्रफल में बने मकान की भी रजिस्ट्री की गई। कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता और राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने हितग्राहियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि धनतेरस के अवसर पर ग्रामीणों को स्वामित्व योजना का लाभ मिलना खुशी की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योजना के माध्यम से ऐसे ग्रामीणों को मकान का वास्तविक मालिक बनाने का काम किया है, जो पीढ़ियों से अपने मकानों में रह रहे थे, लेकिन उनके पास स्वामित्व के दस्तावेज नहीं थे। अब रजिस्ट्री के दस्तावेज मिलने से उन्हें मालिकाना हक मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास के उद्देश्य से जनकल्याण के कार्य कर रही है। राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि ग्रामीणों के पास मकानों के व्यवस्थित रिकॉर्ड और दस्तावेज नहीं होने से उन्हें कई तरह की परेशानियां होती थीं। बैंक से ऋण लेने के लिए मकान को जमानत के रूप में प्रस्तुत करना भी मुश्किल था। स्वामित्व योजना के माध्यम से अब ग्रामीणों को उनके मकानों के दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसमें रजिस्ट्री का खर्च शासन वहन कर रहा है, ग्रामीणों पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ रहा है। अगोरिया के साथ साकलखेड़ा और रींंदवा में भी शत-प्रतिशत रजिस्ट्री कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मंदसौर तहसील के ग्राम अगोरिया में सभी 80 रजिस्ट्रियां पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा ग्राम साकलखेड़ा और रींंदवा में भी स्वामित्व योजना के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री का कार्य पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम में एसडीएम शुभम पाटीदार और ग्राम पंचायत सरपंच घनश्याम सहित ग्रामीण उपस्थित रहे। संचालन तहसीलदार नीलेश पटेल ने किया। उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत अब तक किए गए रजिस्ट्री कार्य की जानकारी दी।

Nov 7, 2026 - 09:45
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0