कार से टकराई बाइक, फिर डिवाइडर से भिड़े तीन दोस्त; दो की हालत नाजुक गुराडिया फंटे पर देर रात हादसा, अदनान व गोलू निजी अस्पताल रेफर; अदनान वेंटिलेटर पर, मोइन का जिला अस्पताल में उपचार जारी

मंदसौर। गुराडिया फंटे पर रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी मोटरसाइकिल पहले पीछे से आ रही कार से टकराई और टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में दावतखेड़ी निवासी मोइन पिता शरीफ मेव, अदनान पिता फारूक मथारिया और झोपड़ी निवासी गोलू घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद टोल एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए अदनान और गोलू को निजी अस्पताल रेफर किया गया, जबकि मोइन का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस के अनुसार मोइन, अदनान और गोलू रविवार शाम करीब 5 बजे मोटरसाइकिल से बोतलगंज गए थे। वहां एक दोस्त से मिलने के बाद तीनों रात में मंदसौर लौट रहे थे। गुराडिया फंटे के पास उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और पीछे से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ा और मोटरसाइकिल डिवाइडर से जा भिड़ी। कार और डिवाइडर से टकराने के बाद तीनों सड़क पर गिर गए। सड़क पर घिसटने के कारण उन्हें शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही टोल एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर आई। अदनान के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर स्थिति के चलते उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। गोलू के चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं और उसके कुछ दांत टूट गए। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें होने के कारण उसे भी निजी अस्पताल रेफर किया गया है। मोइन को सिर, चेहरे और हाथ में चोटें आई हैं। उसकी स्थिति को देखते हुए फिलहाल जिला अस्पताल में ही उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल कार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Aug 18, 2026 - 08:29
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0