रातभर चली पुलिस की कॉम्बिंग गश्त, 156 वारंटी गिरफ्तार 400 से अधिक पुलिसकर्मियों की 37 टीमों ने जिलेभर में की कार्रवाई, 176 हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश और जिलाबदर बदमाशों की जांच
मंदसौर। अपराधियों पर नियंत्रण और लंबित वारंटों की तामील के लिए मंदसौर पुलिस ने 21 और 22 अगस्त की दरमियानी रात जिलेभर में विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना की निगरानी में चले अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों सहित 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। 37 गश्ती पार्टियों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए वारंटियों की धरपकड़ के साथ हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश और जिलाबदर बदमाशों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 156 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें 95 स्थायी वारंटी और 54 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। स्थायी वारंटियों में कोतवाली के 8, वायडी नगर के 7, नई आबादी के 6, भावगढ़ के 5, दलौदा के 8, नाहरगढ़ के 8, अफजलपुर के 6, पिपलियामंडी के 9, नारायणगढ़ के 5, मल्हारगढ़ के 9, सीतामऊ के 8, सुवासरा के 5, शामगढ़ के 5, गरोठ के 4 और भानपुरा के 2 वारंटी शामिल रहे। गांधीसागर थाना क्षेत्र में स्थायी वारंटी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ में कोतवाली से 4, वायडी नगर से 3, नई आबादी से 5, नाहरगढ़ से 1, पिपलियामंडी से 1, नारायणगढ़ से 5, मल्हारगढ़ से 4, सीतामऊ से 6, सुवासरा से 2, शामगढ़ से 8, गरोठ से 10 और भानपुरा से 5 वारंटी गिरफ्तार किए गए। भावगढ़, अफजलपुर, दलौदा और गांधीसागर में इस श्रेणी में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। वारंटियों की धरपकड़ के साथ पुलिस ने जिले के निगरानी बदमाशों और अन्य आपराधिक तत्वों पर भी नजर रखी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान 74 निगरानी बदमाशों को चेक किया गया, जबकि 100 गुंडा-बदमाशों की भी जांच की गई। इस तरह कुल 176 हिस्ट्रीशीटर, गुंडा-बदमाश और जिलाबदर बदमाशों की चेकिंग की गई। अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। पुलिस ने अवैध शराब के 22 प्रकरण दर्ज कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 80.39 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 28,640 रुपए बताई गई है। जुआ-सट्टे के 10 प्रकरणों में 14 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर 5,190 रुपए बरामद किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत दो प्रकरणों में भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 151 के तहत 7 प्रकरणों में 10 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। बीएनएस की धाराओं 126 और 135(30) के तीन प्रकरणों में कार्रवाई की गई। वाहन चेकिंग के दौरान दो चालानी कार्रवाई भी की गई। पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित वारंटों की तामील और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना था। अभियान पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर अनुभाग टी.एस. बघेल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ अनुभाग रामस्नेही मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

