सीसीटीवी से मिली सुराग की कड़ी, अस्पताल में गुम 4 लाख के जेवरों से भरा बैग पुलिस ने खोज निकाला
मंदसौर। शासकीय अस्पताल में गुम हुआ करीब 4 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान से भरा बैग कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से तलाश कर बरामद कर लिया। बैग में रखा पूरा सामान सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे महिला को सौंप दिया। कयामपुर निवासी लताबाई पति प्रकाश वाल्मीकि ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर बताया था कि शासकीय अस्पताल मंदसौर में उनका बैग गुम हो गया है। बैग में सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब 4 लाख रुपए कीमत का सामान रखा था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल बैग की तलाश शुरू की। प्रधान आरक्षक अजय सोलंकी को बैग तलाशने की जिम्मेदारी दी गई। वे शासकीय अस्पताल पहुंचे और परिसर के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस ने बैग के संबंध में सुराग जुटाए और लगातार उसकी तलाश की। कुछ ही समय में पुलिस ने गुम हुआ बैग बरामद कर लिया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान भी सुरक्षित मिला। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पूरा सामान लताबाई को वापस सौंप दिया। कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर महिला ने पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सीसीटीवी निगरानी के चलते करीब 4 लाख रुपए का सामान सुरक्षित उसके वास्तविक हकदार तक पहुंच गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

