दिनदहाड़े रेलवे कर्मी की नई बाइक चोरी, पेट्रोल खत्म हुआ तो चोर छोड़कर भागा रेलवे स्टेशन क्षेत्र से दोपहर 3 बजे चोरी हुई बाइक, करीब दो किलोमीटर दूर तीसरी पुलिया पर मिली लावारिस; घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। नगर में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बुधवार को दिनदहाड़े रेलवे स्टेशन क्षेत्र से रेलवे कर्मचारी की नई बाइक चोरी कर ली गई। हालांकि बाइक में पेट्रोल कम होने के कारण चोर उसे ज्यादा दूर नहीं ले जा सका। पेट्रोल खत्म होने पर बाइक को मंदसौर की ओर रेलवे लाइन के समीप तीसरी पुलिया के यहां लावारिस छोड़कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रहने वाले रेलवे कर्मचारी कांतिलाल कैथवास की नई बाइक क्रमांक एमपी 14 जेडबी 5440 बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घर के बाहर से चोरी हो गई। बाइक में पहले से ही पेट्रोल कम था। बाइक गायब मिलने पर कांतिलाल कैथवास और परिवार के सदस्यों ने आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। साथ ही पुलिस चौकी पर सूचना देने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे परिजनों को सूचना मिली कि चोरी हुई बाइक रेलवे लाइन के समीप मंदसौर की ओर करीब दो किलोमीटर दूर तीसरी पुलिया के पास लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो बाइक वहीं मिली। जांच करने पर बाइक का पेट्रोल पूरी तरह खत्म मिला। माना जा रहा है कि पेट्रोल खत्म होने के बाद चोर बाइक को वहीं छोड़कर फरार हो गया। बाइक वापस मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन दिनदहाड़े हुई चोरी की इस घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और सक्रिय बाइक चोरों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। लोगों ने पुलिस से बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और संदिग्ध लोगों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Aug 27, 2026 - 08:23
 0  2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0