बाल सुधार गृह में रात को हंगामा: होमगार्ड से मारपीट कर सात बाल अपचारी फरार, छह रेलवे ट्रैक से पकड़े रतलाम के बिरियाखेड़ी सुधार गृह में चादर ओढ़कर सो रहे सैनिक पर किया हमला, चाबी निकालकर खोला गेट; मंदसौर के दो समेत सात बाल अपचारी थे शामिल, एक अब भी फरार

रतलाम। बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह में शनिवार रात सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए सात बाल अपचारी होमगार्ड सैनिक से मारपीट कर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने रातभर सर्चिंग अभियान चलाया। रविवार तड़के छह बाल अपचारियों को रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली के पास दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक से पकड़ लिया गया, जबकि एक अब भी फरार है। फरार बाल अपचारी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। घटना रात करीब 3 बजे सामने आई। बताया गया कि सुधार गृह के चैनल गेट के पास होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत (55) पिता जानकी बल्लभ शर्मा चादर ओढ़कर सो रहे थे। इसी दौरान सात बाल अपचारियों ने कथित तौर पर पहले से योजना बनाकर उन्हें घेर लिया। इनमें से एक के हाथ में डंडा था। बाल अपचारियों ने पहले डंडे से सैनिक पर हमला किया और इसके बाद सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। सैनिक का गला कपड़े से दबाने की कोशिश भी की गई। हमले के दौरान बाल अपचारियों ने सैनिक की पेंट की जेब से मेन शटर गेट की चाबी निकाल ली। इसके बाद चैनल गेट का ताला खोला और मुख्य द्वार से बाहर निकलकर फरार हो गए। भागने से पहले उन्होंने चौकीदार के कमरे के चैनल गेट की कुंडी भी लगा दी थी। घटना के बाद सुधार गृह में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही औद्योगिक थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने पुलिस टीमों को सक्रिय किया। जिले के सभी थानों को अलर्ट किया गया और बाल अपचारियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने सुधार गृह के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बाल अपचारियों की पहचान के आधार पर संभावित रास्तों पर सर्चिंग शुरू की। पुलिस के अनुसार बाल अपचारी सुधार गृह से कुछ दूरी पर गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक के रास्ते मंदसौर की ओर भागे थे। इसी दौरान नामली क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लड़कों के दिखाई देने की सूचना 112 डायल पर मिली। सूचना पर 112 के आरक्षक भगवान सिंह और पायलट मौके पर पहुंचे। आसपास तलाश करने पर छह बाल अपचारी दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने पकड़कर कस्टडी में ले लिया। पुलिस ने रातभर की तलाश के बाद छह बाल अपचारियों को पकड़ लिया, लेकिन एक बाल अपचारी अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग कर रही है। अधिकारियों के अनुसार फरार बाल अपचारी करीब दो से ढाई माह पहले सुधार गृह में आया था। उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में मारपीट के चार से पांच मामले दर्ज बताए गए हैं। सुधार गृह से भागने वाले सात बाल अपचारियों में चार रतलाम, दो मंदसौर और एक नीमच का है। सभी की उम्र 15, 16 और 17 वर्ष के बीच बताई गई है। इन पर गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। दो बाल अपचारियों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, दो के खिलाफ दुष्कर्म, एक के खिलाफ रंगदारी, एक के खिलाफ हत्या और एक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। हमले में घायल होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार सुबह एसपी अमित कुमार, एएसपी राकेश पंद्रो और एसडीएम तरुण जैन सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है। सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि फरार बाल अपचारी को तलाशना पुलिस की प्राथमिकता है और उसकी सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान में बाल सुधार गृह में 22 बाल अपचारी हैं। यहां सुरक्षा के लिए दो सैनिकों की ड्यूटी रहती है। इनमें एक सैनिक बाहर और दूसरा अंदर तैनात रहता है। घटना के समय एक सैनिक तबीयत खराब होने के कारण अवकाश पर था। घटना के बाद सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं पुलिस फरार बाल अपचारी की तलाश के साथ घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच में जुटी है।

Aug 10, 2026 - 08:13
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0