एक्सप्रेस-वे पर ब्रिज से नीचे गिरी कार, गुजरात के अधिकारी सहित परिवार के चार सदस्य घायल; 54.50 लाख कैश मिला
रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार शाम जावरा औद्योगिक क्षेत्र में नीमन-नागदी के बीच एक कार ब्रिज से नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में कार सवार गुजरात के जीएसटी विभाग के अधिकारी प्रवीण पूंजीलाल (40), उनकी पत्नी संतोष (37) और दोनों बेटे आदित्य (10) व अथर्व (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को पहले जावरा अस्पताल, फिर रतलाम मेडिकल कॉलेज और बाद में इंदौर रेफर किया गया। प्रवीण मूल रूप से राजस्थान के गंगानगर के रहने वाले हैं और गुजरात के वापी में जीएसटी विभाग में अधिकारी हैं। दीपावली की छुट्टियों में वे परिवार के साथ कार से सूरत से गंगानगर जा रहे थे। इसी दौरान गुरुवार शाम करीब 5.15 बजे उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। कार से मिले 54.50 लाख रुपए और आभूषण हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें दो बैग में रखे 54.50 लाख रुपए नकद और आभूषण मिले। बैग में 500 रुपए के नोट की 92 गड्डियां और 200 रुपए के नोट की 10 गड्डियां थीं। पुलिस ने नकदी और आभूषण अपनी कस्टडी में रखे हैं। एक करोड़ रुपए होने की शुरुआती जानकारी शुरुआती जानकारी में कार में करीब एक करोड़ रुपए होने की बात सामने आई थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, कार से करीब 50 लाख रुपए नकद और आभूषण मिले हैं। नकदी की वास्तविक मात्रा और उसके स्रोत को लेकर स्थिति घायलों के बयान और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। चोटें गंभीर होने के कारण पुलिस अभी उनके बयान दर्ज नहीं कर पाई है। फिलहाल चारों का उपचार प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

