देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण, इंदौर में 14-डी सिनेमा और वर्चुअल जंगल सफारी भी शुरू

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही इंदौर प्राणी संग्रहालय में पीपीपी मॉडल पर करीब साढ़े 4 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 14-डी सिनेमा थियेटर और वर्चुअल जंगल सफारी का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि इंदौर जो भी करता है, सबसे अच्छा करता है। शहर निरंतर नवाचार और विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्चुअल जंगल सफारी आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। इसके माध्यम से लोगों को जंगल और वन्यजीवों का आभासी अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से विकसित यह सुविधा बच्चों, शहरवासियों और पर्यटकों के लिए मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक अनुभव भी देगी। इससे नगर निगम को आय का एक नया स्रोत भी प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और स्कूली बच्चों के साथ 14-डी सिनेमा थियेटर में बैठकर फिल्म का आनंद लिया। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे अद्भुत अनुभव बताया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वर्चुअल जंगल सफारी का अवलोकन किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा तकनीकी विशेषताओं की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट दबाकर फव्वारे का शुभारंभ किया और एक्वेरियम में मौजूद रंग-बिरंगी मछलियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने प्राणी संग्रहालय में विकसित की गई नवीन सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इनके माध्यम से शहरवासियों, बच्चों और पर्यटकों को वन्यजीवों एवं प्रकृति को आधुनिक तकनीक के माध्यम से समझने और अनुभव करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक महेंद्र हार्डिया, मधु वर्मा, सावन सोनकर, सुमित मिश्रा, गौरव रणदिवे, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Aug 17, 2026 - 08:20
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0