48 घंटे में डोडाचूरा तस्करी के दो मामले, 5 आरोपी गिरफ्तार; 117.54 किलो मादक पदार्थ जब्त
मनासा। मनासा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार दो कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के कब्जे से कुल 117.54 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 3.10 लाख रुपए बताई गई है। कार्रवाई के दौरान चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत 84,100 रुपए बताई गई है। कुल जब्त माल की कीमत 3,94,100 रुपए आंकी गई है। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर दोनों कार्रवाई की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत, खरीद-फरोख्त, परिवहन और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पहली कार्रवाई 18 अगस्त को की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सोमदत्त उर्फ सोमू पिता सुखजीत कुमार नायक और सरबजीत सिंह उर्फ बबु पिता जगसीर सिंह को पकड़ा। आरोपियों के पास मौजूद बैगों की तलाशी लेने पर 59.740 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान सुरजी सिंह निवासी जलालाबाद, पंजाब फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दूसरी कार्रवाई 19 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने सतनाम सिंह पिता शेरसिंह, राजबिंदर सिंह पिता लालसिंह और राजप्रीत सिंह उर्फ टिनू पिता जरनेल सिंह को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे वाले बैगों से 57.800 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। तीनों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी डोडाचूरा अपने उपयोग के लिए ले जा रहे थे। हालांकि मादक पदार्थ के स्रोत और इसके नेटवर्क के संबंध में उनसे पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोमदत्त उर्फ सोमू निवासी शतीर वाला, थाना खुईखेड़ा, जिला फाजिल्का पंजाब, सरबजीत सिंह उर्फ बबु निवासी हीरावली, थाना खुईखेड़ा, जिला फाजिल्का पंजाब, सतनाम सिंह निवासी अहालपुर, थाना सतूरगर, जिला मानसा पंजाब, राजबिंदर सिंह निवासी अहालपुर, थाना सतूरगर, जिला मानसा पंजाब और राजप्रीत सिंह उर्फ टिनू निवासी 10 एमडी, तहसील अनूपगढ़, जिला श्रीगंगानगर राजस्थान शामिल हैं। फरार सुरजी सिंह निवासी जलालाबाद पंजाब की तलाश जारी है।
मनासा पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ में मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।