जनता के बीच उतरेगा पूरा प्रशासन, आज से शुरू होगा 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान'; मल्हारगढ़ से होगी प्रदेशव्यापी शुरुआत, उपमुख्यमंत्री देवड़ा रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनोन्मुखी पहल 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026' का शुभारंभ शुक्रवार, 7 अगस्त से मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ से होगा। अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे जनता के बीच ले जाकर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करना है। अभियान के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। प्रदेश सरकार ने अभियान को "संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी" के चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित किया है। इसके तहत अब प्रत्येक शुक्रवार शासन और प्रशासन का पूरा अमला कार्यालयों से निकलकर गांवों और शहरों में जनता के बीच पहुंचेगा। अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर शुक्रवार को किसी भी स्तर पर बैठकें आयोजित नहीं होंगी। यह दिन पूरी तरह फील्ड भ्रमण, निरीक्षण और जनसंवाद के लिए समर्पित रहेगा। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जिले के नगर परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी आम नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे और उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। यदि किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा राज्य स्तर की स्वीकृति, नीति, बजट या तकनीकी अनुमति की आवश्यकता होगी तो ऐसे मामलों का संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण प्राथमिकता रहेगा। इसके अलावा अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा तथा न्यायालयीन आदेशों के बावजूद लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के दौरान किसानों से जुड़े विषयों पर विशेष फोकस रहेगा। सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी, पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, आधार अपडेट, प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों की समीक्षा, खाद-बीज की उपलब्धता, फसलों की स्थिति तथा कृषि संबंधी समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की भी गहन समीक्षा होगी। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता की जांच की जाएगी। स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता का मूल्यांकन होगा। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के वजन एवं ऊंचाई मापन, कुपोषण की स्थिति तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना की प्रगति भी परखी जाएगी। इसके साथ ही राशन दुकानों, कृषि उपज मंडियों, सहकारी समितियों, आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, तहसील, लोक सेवा केंद्र, पुलिस थाना, औद्योगिक क्षेत्रों, गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, निजी विद्यालयों, खाद-बीज विक्रेताओं, शासकीय परिसंपत्तियों, सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, बांध, जल जीवन मिशन की संरचनाओं तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों का निरीक्षण भी किया जाएगा। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी भी जांच होगी। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तिथि पर अपने अधीनस्थ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा निरीक्षण के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूर्ण रखें। अभियान की सभी गतिविधियों की पोर्टल आधारित मॉनिटरिंग होगी और अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप में समयबद्ध जानकारी दर्ज करनी होगी। कार्यक्रमों का आयोजन सादगी और मितव्ययिता के साथ किया जाएगा तथा पूर्व निर्मित शासकीय भवनों का ही उपयोग होगा। वाहनों की संख्या भी सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी शुक्रवार को अभियान के तहत जिले के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे चंदवासा (देव डुंगरी) में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं पर्यटन विभाग के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। दोपहर 12 बजे बरखेड़ा देवडुंगरी में उप स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय विद्यालय, पीडीएस दुकान और सहकारी संस्था का निरीक्षण करने के साथ ग्राम चौपाल में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे लसूड़िया कदमाला में औद्योगिक इकाई का निरीक्षण करेंगे तथा दोपहर 2 बजे जनपद पंचायत परिसर मल्हारगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे। उपमुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम मंदसौर में रहेगा। प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना, प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना और जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

