भैसोदामंडी में 16 लाख की एमडी और डोडाचूरा जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मंदसौर। नशा मुक्ति अभियान के तहत भानपुरा थाना क्षेत्र की भैसोदामंडी पुलिस चौकी ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई गई है, तथा 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 16 लाख 13 हजार रुपए है। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर भैसोदामंडी पुलिस ने चेकपोस्ट के आगे आम रोड पर घेराबंदी कर सुरेंद्र सिंह पिता महिपाल सिंह सौंधिया राजपूत (23) निवासी ग्राम सरवर, थाना उन्हैल नागेश्वर, जिला झालावाड़, राजस्थान को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 160 ग्राम एमडी और 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में सामने आया कि सुरेंद्र सिंह को मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले आरोपी संजीव कुमार पिता बाबूलाल व्यास (28) निवासी जेताखेड़ी, थाना गंगधार, राजस्थान की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने संजीव कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुन्देला, चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उपनिरीक्षक धर्मेश यादव सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।